बिहार
बिहार में शिक्षक बनने की प्रक्रिया अब पहले जैसी नहीं रहने वाली है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) शिक्षक भर्ती के चौथे चरण यानी TRE-4 में प्रारंभिक परीक्षा (PT) और मुख्य परीक्षा (Mains) की दो-स्तरीय चयन प्रक्रिया लागू करने जा रहा है। अब अभ्यर्थियों को केवल एक परीक्षा पास करके शिक्षक बनने का मौका नहीं मिलेगा, बल्कि अंतिम चयन से पहले दो अलग-अलग चरणों से गुजरना होगा। आपलोग सोच रहे होंगे की यह व्यवस्था तो सिविल सेवा परीक्षा से कुछ हद तक मिलती-जुलती है, लेकिन दोनों में महत्वपूर्ण अंतर भी है। क्योंकि सिविल सेवा परीक्षा में PT और Mains के बाद इंटरव्यू भी होता है, जबकि शिक्षक भर्ती में फिलहाल इंटरव्यू का प्रावधान नहीं रखा गया है। यानी TRE-4 में चयन केवल PT और Mains के आधार पर होगा। बीपीएससी TRE-4 को लेकर 32388 पदों पर शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। आइए विस्तार से समझते है। 
तैयारी की रणनीति में होगा बड़ा बदलाव
TRE-1, TRE-2 और TRE-3 तक अभ्यर्थियों को केवल एक लिखित परीक्षा की तैयारी करनी होती थी और उसी के आधार पर मेरिट सूची तैयार होती थी। लेकिन TRE-4 में PT सिर्फ शुरुआती स्क्रीनिंग का काम करेगी। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों को Mains परीक्षा भी देनी होगी, जहां विषय की गहरी समझ और शैक्षणिक क्षमता का मूल्यांकन किया जाएगा। इस बदलाव का सबसे बड़ा असर अभ्यर्थियों की तैयारी पर पड़ेगा। अब केवल एक परीक्षा पर फोकस करना पर्याप्त नहीं होगा। PT के लिए तेज गति और सटीकता के साथ तैयारी करनी होगी, जबकि Mains के लिए विषय की गहराई से पढ़ाई जरूरी होगी।
PT और Mains व्यवस्था लागू करने की वजह
BPSC का उद्देश्य शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाना बताया जा रहा है। PT के जरिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की प्रारंभिक स्क्रीनिंग होगी, जबकि Mains में केवल सफल उम्मीदवारों की विषयगत समझ और क्षमता का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा। इस नई व्यवस्था का मकसद केवल अधिक अंक लाने वाले अभ्यर्थियों का चयन करना नहीं, बल्कि विषय पर मजबूत पकड़ रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता देना भी है। इसे सिविल सेवा जैसी दो-स्तरीय चयन प्रक्रिया की दिशा में एक कदम माना जा रहा है, हालांकि इसमें इंटरव्यू शामिल नहीं है।
TRE-1, TRE-2, TRE-3 और TRE-4 में क्या होगा अंतर?
पहले तीन चरणों की भर्ती में अभ्यर्थियों को सिर्फ एक लिखित परीक्षा देनी पड़ती थी। उसी परीक्षा के प्रदर्शन के आधार पर मेरिट सूची बनती थी और चयन प्रक्रिया पूरी हो जाती थी। इसलिए पूरी तैयारी एक ही परीक्षा पर केंद्रित रहती थी। लेकिन TRE-4 में PT केवल पहले चरण की परीक्षा होगी। इसके बाद Mains में भी बेहतर प्रदर्शन करना अनिवार्य होगा। यानी PT पास करने के बाद भी अंतिम चयन की राह आसान नहीं होगी और अभ्यर्थियों को लगातार तैयारी जारी रखनी होगी।
अभ्यर्थियों के सामने बढ़ेगी चुनौती
Mains परीक्षा का सिलेबस और पैटर्न अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है, लेकिन यह तय माना जा रहा है कि तैयारी का दबाव पहले की तुलना में बढ़ेगा। पहले अभ्यर्थियों को केवल एक परीक्षा के अनुसार अपनी रणनीति बनानी पड़ती थी, जबकि अब दो अलग-अलग चरणों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयारी करनी होगी। PT में समय प्रबंधन और प्रश्नों को तेजी से हल करने की क्षमता महत्वपूर्ण होगी, वहीं Mains में विषय की गहराई और विश्लेषणात्मक समझ की परीक्षा होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि सबसे अधिक चुनौती उन अभ्यर्थियों के सामने आएगी जो PT पास करने के बाद Mains की तैयारी शुरू करने की योजना बनाएंगे। यदि दोनों परीक्षाओं के बीच समय कम हुआ, तो उनके पास गहन तैयारी के लिए पर्याप्त अवसर नहीं होगा।.jpeg)
क्या इससे बेहतर शिक्षक मिलेंगे?
आयोग की मंशा चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाना है। PT के जरिए शुरुआती स्तर पर अभ्यर्थियों की संख्या सीमित होगी और Mains में योग्य उम्मीदवारों का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा। इससे अंतिम चयन तक पहुंचने वाले अभ्यर्थियों के बीच प्रतिस्पर्धा अधिक केंद्रित हो सकती है। हालांकि केवल दो चरणों की परीक्षा लागू कर देने से ही शिक्षक की गुणवत्ता सुनिश्चित नहीं की जा सकती। इसके लिए प्रश्नपत्र का स्तर, सिलेबस, मूल्यांकन प्रणाली और अंतिम मेरिट तैयार करने की प्रक्रिया भी उतनी ही महत्वपूर्ण होगी। इसलिए TRE-4 की पूरी अधिसूचना और परीक्षा पैटर्न सामने आने के बाद ही इस बदलाव की वास्तविक प्रभावशीलता का आकलन किया जा सकेगा।.jpeg)
छात्रों का विरोध, TRE-5 से लागू करने की मांग
नई व्यवस्था को लेकर छात्र नेताओं ने भी आपत्ति जताई है। छात्र नेता दिलीप कुमार का कहना है कि TRE-4 के अभ्यर्थी लंबे समय से पुरानी परीक्षा प्रणाली के अनुसार तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में भर्ती प्रक्रिया के बीच नियम बदलना उचित नहीं होगा। उनका सुझाव है कि यदि PT और Mains की व्यवस्था लागू करनी ही है, तो इसे TRE-5 से लागू किया जाए ताकि नए अभ्यर्थियों को शुरुआत से ही नए पैटर्न के अनुसार तैयारी करने का अवसर मिल सके।
दिलीप कुमार ने BPSC के परीक्षा कैलेंडर पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि TRE-4 के सामने कैलेंडर में केवल TBD (To Be Decided) लिखा गया है, जबकि परीक्षा और विज्ञापन की स्पष्ट तिथि घोषित नहीं की गई है। उनके अनुसार लंबे इंतजार के बाद केवल कैलेंडर जारी कर देने से अभ्यर्थियों को वास्तविक परीक्षा कार्यक्रम की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है।