logo

बिहार के CRPF जवान ने लखनऊ में की आत्महत्या, पत्नी से वीडियो कॉल पर बात करते हुए उठाया खौफनाक कदम

बिहार के CRPF जवान ने लखनऊ में की आत्महत्या, पत्नी से वीडियो कॉल पर बात करते हुए उठाया खौफनाक कदम

द फॉलोअप डेस्कः
लखनऊ में ड्यूटी पर तैनात CRPF जवान ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जवान केंद्रीय रिजर्व पुलिस लाइन की 93 बटालियन में तैनात था। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस घायल जवान को लोकबंधु अस्पताल ले गई। डॉक्टरों ने KGMU ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। जहां डॉक्टरों ने जवान को मृत घोषित कर दिया। वरीय अधिकारियों ने बताया कि कॉन्स्टेबल उपेंद्र कुमार सिंह (36)  गुरुवार सुबह 8:45 पर ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान सर्विस राइफल से सिर में सटाकर गोली मार ली। फायरिंग की आवाज सुनकर अन्य साथी मौके पर पहुंचे तो जवान खून से लथपथ पड़ा था। 


सूत्रों का यह भी कहना है कि जब यह घटना हुई उस समय मृतक अपनी पत्नी से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। दो साल पहले 36 बटालियन अरुणाचल प्रदेश से लखनऊ आया था। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और जांच पड़ताल की। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। उपेंद्र मूल रूप से बिहार के लखपुरवा रसूलपुर जिला छपरा के रहने वाले थे। आत्महत्या किन कारणों से की है अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मामले की जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई है।


उपेंद्र की भर्ती 2010 में हुई थी। बताया जा रहा है कि जवान दो दिन पहले ही अल्फा यूनिट पारा से आया था। हेड कॉन्स्टेबल पद पर प्रमोशन होना था। इसके लिए ट्रेनिंग लेने अजमेर जाने वाला था। परिवार में पत्नी रूबी सिंह और दो बच्चे ऋषिकेश कुमार सिंह (14), उज्जवल कुमार सिंह (11) हैं।