logo

बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव: नीतीश कुमार आज MLC पद से देंगे इस्तीफा, नए CM की दौड़ तेज

NITISH_AND_SAM.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

बिहार की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। CM नीतीश कुमार  आज विधान परिषद (MLC) सदस्यता से इस्तीफा देने जा रहे हैं। उनके साथ ही बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी विधायक पद से इस्तीफा देंगे। दोनों नेताओं का पिछलें दिनों ही राज्यसभा चुनाव में जीत हुई है, जिसके चलते संवैधानिक नियमों के तहत उन्हें 14 दिनों के भीतर अपनी वर्तमान सदस्यता छोड़नी होगी। सूत्रों के अनुसार, राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से भी इस्तीफा दे सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो बिहार में सत्ता परिवर्तन का रास्ता साफ हो जाएगा और नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो जाएगी। साल 2005 से बिहार में NDA गठबंधन की सरकार में बीजेपी हमेशा दूसरे नंबर की भूमिका में रही है। लेकिन इस बार संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी पहली बार मुख्यमंत्री पद अपने पास रख सकती है।

हालांकि, अभी तक BJP या JDU की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। वहीं मुख्यमंत्री पद की रेस में बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी  का नाम सबसे आगे चल रहा है। इसके पीछे कई कारण माने जा रहे हैं। 2017 में बीजेपी में शामिल होने के बाद उनका तेज़ राजनीतिक उभार, कुशवाहा समुदाय के एक मजबूत नेता के रूप में पहचान और सामाजिक समीकरणों को संतुलित करने में उनकी संभावित भूमिका के चलते CM पद की रेस में वो सबसे आगे चल रहे हैं। बिहार की राजनीति में जातीय समीकरण हमेशा अहम रहे हैं, और ऐसे में कुशवाहा समुदाय से किसी नेता को मुख्यमंत्री बनाना बीजेपी के लिए रणनीतिक कदम हो सकता है।

सम्राट चौधरी  के नाम के बीच केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय का नाम भी संभावित उम्मीदवारों में शामिल है। वे बीजेपी के पुराने और मजबूत नेताओं में गिने जाते हैं। हालांकि उनका यादव समुदाय से होना एक राजनीतिक चुनौती भी बन सकता है, क्योंकि यह वर्ग पारंपरिक रूप से RJD के साथ जुड़ा रहा है। इसके बावजूद, कुछ राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर उन्हें मौका मिलता है, तो बीजेपी के लिए यह यादव मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने का अवसर हो सकता है। फिलहाल बिहार में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और सोमवार से सरकार गठन को लेकर गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है। बीजेपी नेतृत्व अक्सर चौंकाने वाले फैसले लेने के लिए जाना जाता है, इसलिए अंतिम निर्णय आने तक मुख्यमंत्री पद को लेकर अटकलों का दौर जारी रहेगा।

Tags - bihar politics nitish kumar nitish kumar resignation bihar cm resignation mlc resignation bihar legislative council rajya sabha election rajya sabha members nitish kumar news bihar political news bihar government bihar cm change new cm bihar