पटना:
बिहार (Bihar) की राजधानी में एक सिपाही ने वर्दी की गरिमा को शर्मसार किया है। सिपाही चिंटू कुमार ने रविवार की शाम एक दिव्यांग दुकानदार को हिरासत में लेने के बहाने अगवा कर लिया। यह घटना गर्दनीबाग थाना (Gardnibagh Police Station) इलाके के चितकोहरा बाजार की है। पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस (Bihar Police) ने मौके पर पहुंच कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

विरोध किया तो कर लिया अगवा
रविवार शाम सिपाही चिंटू एक पान दुकान पर गया। वहां पहले उसने खुद को आयकर का अधिकारी बताया। उसके बाद आयकर का सिपाही भी बताया। आरोपी ने दुकानदार सुरेश यादव पर गांजा बेचने का आरोप लगाया। उसके गल्ले पर रखे 1540 रुपये निकाल लिये। जब दुकानदार सुरेश ने इसका विरोध किया तो सिपाही ने उसे 2 लोगों के सहयोग से अगवा कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
यह पूरी घटना वहां मौजूद एक युवक देख रहा था। उसने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के खोज में जुट गई। पुलिस ने उसके भागने की दिशा में पीछा किया। पुलिस ने सिपाही और अस्पताल के गार्ड को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से दुकानदार को बरामद कर लिया। सिपाही के पास से दुकानदार के 1540 रुपये, 4 मोबाइल और 1बाइक जब्त की गई है।