द फॉलोअप डेस्कः
मुजफ्फरपुर में फ्लिपकार्ट के कलेक्शन ऑफिस में एक बड़ी लूट की घटना घटी। तीन हथियारबंद अपराधियों ने ऑफिस में घुसकर कर्मचारियों को धमकाया और लाखों रुपये की लूट कर ली। घटना रविवार रात 9 बजकर 14 मिनट पर हुई। अपराधियों ने अपने चेहरे मास्क से ढक रखे थे। लूट के बाद, फ्लिपकार्ट के कर्मचारियों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगा है, जिसमें पूरी घटना कैद हो गई है। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है। घटना करजा थाना क्षेत्र में हुई है।

पुलिस को कर्मियों ने बताया कि उन्होंने डर की वजह से बदमाशों को ऑफिस में रखा 2 लाख 20 हजार कैश दे दिया, जिसके बाद अपराधी फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, अब तक की जांच पड़ताल में वारदात में शामिल अपराधियों को चिन्हित कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस आगे की करवाई में जुटी है।

ग्रामीण एसपी विद्या सागर ने बताया कि रविवार की रात मड़वन चौक से कांटी के तरफ जाने वाली रास्ते में पड़ने वाले फ्लिपकार्ट के कलेक्शन ऑफिस में हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है। तीन अपराधी मास्क लगाकर कलेक्शन ऑफिस में पहुंचे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अपराधी जिस रास्ते से भागे हैं, उसे भी चिन्हित कर लिया गया है। एक अपराधी को पुलिस ने पहचान लिया है। इसके अलावा पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।