logo

अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर आज आयेंगे बिहार

अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर आज आयेंगे बिहार

पटना 

बिहार विधानसभा चुनाव का माहौल अब पूरी तरह गर्म हो चुका है। एनडीए खेमे में सीट बंटवारे के बाद अब प्रत्याशियों के नामों के ऐलान का इंतज़ार है। यह ऐलान 15 से 18 अक्टूबर के बीच नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने से पहले किया जाएगा। इसी दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी बिहार के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। शाह का बिहार दौरा 16 से 18 अक्टूबर तक प्रस्तावित है।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि 15 से 18 अक्टूबर के बीच एनडीए गठबंधन के सभी उम्मीदवार नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार के कई मंत्री, सांसद और एनडीए के वरिष्ठ नेता भी प्रत्याशियों के नामांकन कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

अमित शाह अपने तीन दिन के दौरे में न केवल एनडीए की चुनावी रणनीति की समीक्षा करेंगे बल्कि उसे और धारदार बनाने की दिशा में भी कदम उठाएंगे। चर्चा है कि वे कई चुनावी सभाओं को भी संबोधित कर सकते हैं। इससे पहले सितंबर में शाह दो बार बिहार आ चुके हैं, जहां उन्होंने कई चुनावी रैलियों में हिस्सा लिया था।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई रैलियां भी प्रस्तावित हैं। साथ ही, केंद्र के वरिष्ठ मंत्री और बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी बिहार में प्रचार अभियान में हिस्सा लेंगे।

गौरतलब है कि एनडीए में सीटों का बंटवारा तय हो चुका है। इस बार पहली बार नीतीश कुमार की जेडीयू और बीजेपी बराबर सीटों पर — यानी 101-101 सीटों पर — चुनाव लड़ेंगी। इसके अलावा चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) को 29, जीतनराम मांझी की हम पार्टी को 6 और उपेंद्र कुशवाह की रालोमो को भी 6 सीटें मिली हैं। सभी दलों के प्रत्याशियों की घोषणा मंगलवार को की जाएगी।

Tags - Bihar Bihar News Bihar।atest News Bihar News Update Bihar News in Hindi Bihar।atest News Update