पालीगंज/बिहार
पटना के पालीगंज में दो बेटियों का बाप, छोटी बच्चियों के अश्लील वीडियो बनाकर टेलीग्राम पर अपलोड करता था। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी को अख्तियारपुर से धर-दबोचा है। आरोपी का नाम नितिश किशोर कौशल है, जिसकी उम्र 32 वर्ष बताई जा रही है। पॉक्सो एक्ट और चाइल्ड पोर्नोग्राफी की धाराओं के तहत उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। दरअसल पुलिस को सूचना मिली थी कि नितिश किशोर कौशल नाम का व्यक्ति सोशल मीडिया पर छोटी बच्चियों का अश्लील वीडियो बनाकर अपलोड करता है।

100 से अधिक आपत्तिजनक वीडियो
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसआई अनुज के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने जांच कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को आरोपित के मोबाइल से 100 से अधिक आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी किसी निजी कंपनी में काम करता है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पैसा कमाने के उद्देश्य से वह वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड करता था।