logo

3 बच्चों के पिता ने खुद को सिंगल बताकर की दूसरी शादी, अब नई पत्नी ने भी लगाया धोखा देने का आरोप

LAGN.jpg

द फॉलोअप डेस्क

बिहार के बांका जिले के शंभूगंज थाना के किरणपुर गांव में एक अजीबोगरीब शादी का मामला सामने आया है। तीन बच्चों के पिता राजेश कुमार ने खुद को कुंवारा बताकर एक युवती से शादी कर ली, लेकिन दो साल बाद यह राज खुल गया, जिससे परिवार में हड़कंप मच गया। युवती ने धोखा देने का आरोप लगाते हुए थाने में लिखित आवेदन दिया है। हालांकि, आरोपी ने आरोपों से इनकार किया है।
घटना की जानकारी के मुताबिक, राजेश कुमार की शादी मुंगेर जिले के रतनपुर गांव की ममता कुमारी से 7 साल पहले हिंदू रिति-रिवाज से हुई थी, और उनसे दो बेटे और एक बेटी भी हैं। लेकिन राजेश ने इस बारे में अपनी दूसरी पत्नी रिमझिम कुमारी को नहीं बताया और झांसा देकर उससे भी शादी कर ली। राजेश को भागलपुर जिले के कटहरा गांव की रिमझिम कुमारी से प्रेम हो गया था, और दोनों ने लव मैरिज की थी। शादी के बाद वे दो साल तक घर से बाहर रहकर साथ में रहने लगे।
जब रिमझिम कुमारी को राजेश कुमार की पहली शादी और बच्चों के बारे में पता चला, तो उसने राजेश से साथ रहने से मना कर दिया और शंभूगंज थाने पर पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। रिमझिम के साथ उसकी मां भी थी, जिन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
राजेश कुमार ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए एक अलग कहानी पेश की। उनका कहना था कि रिमझिम खुद उसे छोड़कर जाना चाहती है, इसलिए वह झूठे आरोप लगा रही है।
थानाध्यक्ष ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कहा कि पुलिस गांव के लोगों से जानकारी जुटाकर सच्चाई का पता लगा रही है। इस बीच दोनों को शांति बनाए रखने की सलाह दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।
 

Tags - BIHARBIHARNEWSBIHARPOSTBANKASECONDMARRIGELATESTNEWS