औरंगाबाद:
बिहार के औरंगाबाद से महिला आईपीएस अधिकारी पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार से बहस का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला आईपीएस स्वीटी सहरावत कह रही हैं कि वह फरियादियों से अपने निजी आवास में नहीं मिल सकती हैं क्योंकि उनका भी पर्सनल स्पेस है। जवाब में पूर्व राज्यपाल कहते हैं कि यह गलत है। बतौर आईपीएस अधिकारी आपको 24 घंटे जनसेवा के लिए तैयार रहना चाहिए। आपको लोगों की शिकायतें सुननी चाहिए। वीडियो में बिहार के औरंगाबाद की एएसपी स्वीटी सहरावत और पूर्व राज्यपाल, पूर्व सांसद और पूर्व डीजीपी रहे निखिल कुमार के बीच बहस हो रही है।
औरंगाबाद में बढ़ी चोरी की घटनाओं पर हुई बहस
मिली जानकारी के मुताबिक औरंगाबाद शहर में चोरी की बढ़ती घटनाओं की शिकायत लेकर कुछ लोग पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार के पास पहुंचे थे। निखिल कुमार ने अपने आवास से एएसपी को फोन किया लेकिन बात नहीं हो पाई। इसके बाद निखिल कुमार पैदल ही एएसपी आवास पहुंच गए। निखिल कुमार ने वहां एएसपी स्वीटी सहरावत से कहा कि शहर में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। लोग शिकायत लेकर आपके पास आए। आप बताएं कि चोरी की घटनाएं रोकने के लिए क्या उपाय किए गए हैं। मेरी जानकारी में पुलिस ने जो एक्शन लिया उसका कोई असर नहीं दिखता है। जवाब में स्वीटी सहरावत कहती हैं कि आप ऑफिस में आइए मैं वहीं बात करती हूं। केस में नया आईओ दिया गया है। नया थानाध्यक्ष लाया गया है। जब भी लोग शिकायत लेकर मेरे कार्यालय में आए मैंने मुलाकात की है। स्वीटी सहरावत, निखिल कुमार से कहती हैं कि आप भी आईपीएस रह चुके हैं और हमारी समस्या समझते हैं।

पूर्व राज्यपाल और एएसपी की बहस का वीडियो वायरल
पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार कहते हैं कि केस डिटेक्ट नहीं हो पाया है। छानबीन आगे नहीं बढ़ी है। जवाब में एएसपी कहती हैं कि हमने पूरा प्रयास किया है। रात्रि पेट्रोलिंग भी होती है लेकिन जवाब में वहां मौजूद लोग कहते हैं कि पेट्रोलिंग नहीं होती। निखिल कुमार ने कहा कि मैं यहां खुद चलकर आया हूं, समस्या गंभीर होगी। पूरी बातचीत यहां देखिए।
“मैं आवास पर नहीं मिलती, हमारा भी एक पर्सनल स्पेस है”
— Utkarsh Singh (@UtkarshSingh_) September 4, 2023
औरंगाबाद की ASP स्वीटी सहरावत ये बातें पूर्व राज्यपाल, पूर्व सांसद और पूर्व DGP निखिल कुमार से कह रही हैं. शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर कुछ लोग निखिल कुमार के पास गये थे. उन्होंने ASP को कॉल लगाया लेकिन बात नहीं हुई.… pic.twitter.com/1fcGlHI1GF