हजारीबाग:
Hazaribagh News: हजारीबाग जिले के अमनारी गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक विशालकाय अजगर ने करीब 30 किलो वजनी बकरी को अपना शिकार बना लिया। बकरी को निगलने की कोशिश कर रहे अजगर को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक लोगों की भीड़ और शोरगुल के कारण अजगर पास के जंगल में जा छिपा था। इसके बाद घनी झाड़ियों और जोखिम भरे इलाके में अजगर की तलाश शुरू हुई। घंटों की मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने उसे एक नाले में खोज निकाला और सावधानीपूर्वक बाहर निकाला। इस दौरान अजगर घायल अवस्था में मिला, जिसके शरीर पर चोटों के निशान भी थे। रेस्क्यू के बाद वन विभाग को मामले की जानकारी दी गई और अजगर के उपचार की व्यवस्था की गई।

अमनारी गांव में बकरी को निगल रहा था अजगर
पूरा मामला हजारीबाग के मेरू से कुछ पहले स्थित अमनारी पंचायत के अमनारी गांव का है। जानकारी के अनुसार, गांव में एक विशालकाय अजगर ने बकरी को अपना शिकार बना लिया था। अजगर को बकरी निगलते देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना रेस्क्यू टीम को दी। सूचना मिलने के करीब आधे घंटे के भीतर टीम मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक अजगर वहां से निकलकर पास के जंगल में छिप चुका था।
.jpeg)
छह फीट से ऊंची झाड़ियों में शुरू हुई तलाश
अजगर के जंगल में घुस जाने के बाद रेस्क्यू टीम के सामने उसे खोजने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई। इलाके में छह फीट से भी ऊंची घनी झाड़ियां थीं, जिनके बीच विशालकाय अजगर को तलाशना आसान नहीं था। इसके बावजूद रेस्क्यू टीम के सदस्य गोपाल और हर्ष यादव ने सावधानी के साथ उसकी खोज शुरू की। काफी देर तक तलाश करने के बाद अजगर पास के एक नाले में दिखाई दिया।
.jpeg)
नाले से अजगर को निकालना बना चुनौती
नाले में अजगर के मिलने के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए टीम को काफी सतर्कता बरतनी पड़ी। अजगर का आकार बड़ा होने के कारण उसे पकड़ने में जोखिम था। ऐसे में रेस्क्यू टीम ने सावधानीपूर्वक उसकी पूंछ की ओर से पकड़कर उसे बाहर निकाला। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से अजगर को सड़क तक लाया गया।
घायल अवस्था में मिला अजगर, बकरी की मौत
रेस्क्यू के दौरान अजगर घायल अवस्था में मिला। उसके शरीर पर चोटों के निशान भी दिखाई दिए। वहीं, अजगर के हमले में बकरी की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों के अनुमान के मुताबिक, बकरी का वजन करीब 30 किलो था। घटना के बाद इलाके में अजगर को लेकर ग्रामीणों के बीच चर्चा होती रही।
डीएफओ को दी गई सूचना, उपचार के बाद अभयारण्य में छोड़ने की योजना
रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद WBRG टीम ने पूरे मामले की जानकारी डीएफओ मोहन प्रकाश को दी। इसके बाद घायल अजगर के उपचार की व्यवस्था की गई। टीम के मुताबिक, अजगर के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसे वन्यजीव अभयारण्य में छोड़ने की योजना है। फिलहाल उसके उपचार और स्वस्थ होने के बाद सुरक्षित स्थान पर छोड़े जाने की प्रक्रिया पर ध्यान दिया जा रहा है।