logo

बर्फीले पहाड़ पर 10 दिन तक फंसा रहा लड़का, टूथपेस्ट से बचाई जान

बर्फीले पहाड़ पर 10 दिन तक फंसा रहा लड़का, टूथपेस्ट से बचाई जान

द फॉलोअप डेस्क 

सोशल मीडिया पर अक्सर कोई न कोई घटना वायरल होती रहती है, जो कभी हंसी का कारण बनती है तो कभी हैरत में डाल देती है। ऐसी ही एक हैरतअंगेज घटना हाल ही में चीन में हुई। यहां एक 18 साल का लड़का उत्तर-पश्चिमी चीन के बर्फीले पहाड़ों में 10 दिनों तक फंसा रहा, बिना किसी भोजन के। 10 दिन बाद बचाव दल ने उसे ढूंढ़ा और उसकी जान बचाई। इन दस दिनों में उसका शरीर काफी कमजोर हो चुका था, क्योंकि उसे खाने के लिए कुछ भी नहीं मिला था। पीने के लिए सिर्फ नदी का पानी था, और भूख को मिटाने के लिए उसने टूथपेस्ट तक खा लिया।
साउथ चाइना मार्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, 18 साल का सन लियांग 8 फरवरी को शानक्सी राज्य के सबसे खतरनाक क्विनलिंग पर्वत पर अकेले चढ़ाई शुरू करता है। यह पर्वत अपने खराब मौसम और कठिन चढ़ाई के लिए मशहूर है। यहां कई तरह के जानवर भी होते हैं। लेकिन इन सबकी परवाह किए बिना लियांग चढ़ाई करता रहता है। दो दिनों बाद उसका परिवार से संपर्क टूट जाता है। लियांग फिर रास्ता भटकते हुए नदी के किनारे चलने लगता है, लेकिन एक जगह गिरने के कारण उसका दाहिना हाथ टूट जाता है। इससे वह वहीं पर पत्तों से अस्थायी बिस्तर बनाकर कड़कड़ाती ठंड से जूझता हुआ मदद का इंतजार करता है।
जब परिवार को उससे संपर्क नहीं हो पाता, तो वे स्थानीय बचाव दल को सूचित करते हैं। करीब एक हफ्ते की मशक्कत के बाद, 17 फरवरी को बचाव दल उसे नाटकीय ढंग से ढूंढ़ने में सफल होता है। बचाव दल के अनुसार, यह लड़का एक खतरनाक पहाड़ी पर चढ़ाई कर रहा था, जिस रास्ते पर पिछले 20 सालों में करीब 50 लोगों की जान जा चुकी है। इस इलाके के खतरों को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने 2018 में इस पर चढ़ाई करने पर प्रतिबंध लगा दिया था। हालांकि, चेतावनियों के बावजूद कुछ साहसी लोग अब भी इस जोखिम भरे रास्ते पर चढ़ाई करना जारी रखते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, लियांग को इस खतरनाक इलाके में खोने के बाद बचाए जाने वाला पहला व्यक्ति माना जाता है।
 

Tags - VIRALNATIONALNEWSTOOTHPASTEVIRALNEWSLATESTNEWS