logo

पूर्वी सिंहभूम में 93 केंद्रों पर होगी JET की परीक्षा, 39000 परीक्षार्थी होंगे शामिल; DC ने दिए जरूरी निर्देश

a927.jpg

पूर्वी सिंहभूम:

झारखंड पात्रता परीक्षा-2024 का आयोजन रविवार, 26 अप्रैल को पूर्वी सिंहभूम जिले के 93 परीक्षा केंद्रों पर होगा। इस परीक्षा में कुल 39,265 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारी पूरी कर ली है। परीक्षा से पूर्व सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में गुरुवार को एसपी राजीव रंजन और एसएसपी पीयूष पांडेय ने दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों की संयुक्त ब्रीफिंग कर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किया। प्रशासन ने साफ किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

2 घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचे दंडाधिकारी
उपायुक्त ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और स्टैटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा शुरू होने से कम-से-कम दो घंटे पहले अपने केंद्रों पर पहुंचने का निर्देश दिया है। प्रत्येक परीक्षार्थी की प्रवेश से पहले सघन जांच अनिवार्य होगी, जिसमें महिला अभ्यर्थियों की जांच केवल महिला पुलिस बल द्वारा की जायेगी।

परीक्षा केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बैन
परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। इसके लिए सभी केंद्रों पर हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) से जांच सुनिश्चित की जायेगी। प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाओं के सील पैकेट खोलने और बंद करने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी, साथ ही परीक्षा के दौरान लगातार निगरानी रखी जायेगी।

शौचालयों में भी होगी कर्मियों की तैनाती
केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा के दौरान शांति, अनुशासन और पारदर्शिता बनाये रखें, साथ ही परीक्षा सामग्री का सुरक्षित और समय पर डिस्पैच सुनिश्चित करें। प्रत्येक केंद्र के शौचालयों में भी पुरुष और महिला कर्मियों की तैनाती की जायेगी, ताकि किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
उपायुक्त ने झारखंड प्रतियोगिता परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम एवं निवारण के उपाय) अधिनियम-2023 के सख्त अनुपालन पर जोर देते हुए कहा कि नकल या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी गंभीर अपराध मानी जायेगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

सभी परीक्षा केंद्रों में मजबूत हो सुरक्षा व्यवस्था
वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिये हैं। प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती होगी, जबकि संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त बल लगाया जायेगा। प्रवेश द्वारों पर सघन जांच के साथ भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर नजर
पुलिस को निर्देशित किया गया है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़, अवैध जमावड़ा और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाये। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करने और उड़नदस्ता टीम के साथ समन्वय बनाकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जायेगी। उड़नदस्ता दंडाधिकारी प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित वितरण और संग्रहण की निगरानी करेंगे। परीक्षा समाप्त होने के बाद सभी सामग्री को सुरक्षित रूप से कोषागार में जमा कराया जायेगा।

जिला प्रशासन ने दावा किया है कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा, निगरानी तथा समन्वय की व्यापक व्यवस्था लागू कर दी गई है।

Tags - JET ExamJETEast SinghbhumJharkhand