logo

फूड डिपार्टमेंट में नौकरी का मौका, 24 अक्टूबर तक करें आवेदन

फूड डिपार्टमेंट में नौकरी का मौका, 24 अक्टूबर तक करें आवेदन

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
झारखंड राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड ने राज्य के सभी 24 जिलों में खाद्यान्न की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत गुणवत्ता नियंत्रण विशेषज्ञों की नियुक्ति के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 24 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं। निगम ने इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी की है। इन विशेषज्ञों की नियुक्ति का उद्देश्य खाद्यान्न की खरीद से लेकर उसके भंडारण और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के माध्यम से वितरण तक गुणवत्ता की निगरानी को मजबूत करना है। निगम की ओर से निर्धारित पात्रता के अनुसार, केवल भारतीय खाद्य निगम (FCI) के गुणवत्ता नियंत्रण संवर्ग में प्रबंधक (QC) या उससे उच्च पद से सेवानिवृत्त अधिकारी ही इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदकों की अधिकतम आयु सीमा 65 वर्ष निर्धारित की गई है। इसके साथ ही खाद्यान्न की गुणवत्ता जांच, मूल्यांकन, भंडारण और संरक्षण के क्षेत्र में कम से कम 15 वर्षों का कार्य अनुभव होना अनिवार्य है। निर्धारित शर्तों को पूरा करने वाले अभ्यर्थी ही इस नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।


तीन साल के अनुबंध पर होगी नियुक्ति
गुणवत्ता नियंत्रण विशेषज्ञों की नियुक्ति शुरुआती तौर पर तीन वर्षों के लिए अनुबंध के आधार पर की जाएगी। हालांकि, संबंधित विशेषज्ञ के कार्य प्रदर्शन और विभाग की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए अनुबंध की अवधि अधिकतम दो वर्ष तक और बढ़ाई जा सकती है। नियुक्त विशेषज्ञ खाद्यान्न की खरीद, सुरक्षित भंडारण और सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े कार्यों का निरीक्षण, पर्यवेक्षण और गुणवत्ता मूल्यांकन करेंगे। उनकी जिम्मेदारी खाद्यान्न की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखने और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने की होगी।


ई-मेल, स्पीड पोस्ट या कार्यालय में जमा कर सकते हैं आवेदन
आवेदन करने के इच्छुक पात्र अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना आवेदन ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। इसके अलावा, निगम के कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से जाकर या स्पीड पोस्ट के जरिए भी आवेदन जमा करने का विकल्प दिया गया है। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले निगम की ओर से जारी आधिकारिक सूचना में दिए गए निर्देशों और आवश्यक शर्तों की जांच कर लेनी चाहिए, ताकि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनका आवेदन जमा हो सके।

Tags - Jharkhand News Government Jobs Quality Control Expert Food Corporation Recruitment Update