राजरप्पा (रामगढ़)
राजरप्पा स्थित CCL ऑफिसर्स क्लब में आज एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रामगढ़ सांसद प्रतिनिधि एवं जिला वुशू एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव जायसवाल ने खिलाड़ियों को मोमेंटो और उपहार देकर सम्मानित किया।
सम्मान पाने वालों में वुशू SGFI नेशनल प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज मेडल विजेता प्रिंस नायक और एथलेटिक्स नेशनल प्रतियोगिता में पदक विजेता खुशी कुमारी शामिल रहीं।
कार्यक्रम का संचालन रामगढ़ जिला वुशू एसोसिएशन के सचिव गौरीशंकर दांगी ने किया। मौके पर CCL राजरप्पा के S.O.P. राम दास, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुलोचना कुमारी, CSR अधिकारी आशीष झा, रामगढ़ जिला ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव C.D. सिंह, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे।

समारोह में संबोधित करते हुए राजीव जायसवाल ने कहा, “यह पूरे रामगढ़ जिले के लिए गर्व की बात है कि हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। खेल शरीर और मन दोनों को सशक्त बनाता है तथा अनुशासन और नेतृत्व की भावना को विकसित करता है। हमें इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग देना चाहिए ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले और राज्य का नाम रोशन करें।”
उन्होंने आगे कहा कि प्रिंस नायक और खुशी कुमारी की मेहनत व लगन जिले के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला वुशू एसोसिएशन आगे भी खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और प्रोत्साहन के लिए विशेष शिविर और प्रतियोगिताओं का आयोजन करेगी। कार्यक्रम के अंत में सचिव गौरीशंकर दांगी ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
