रांची
Sport News: झारखंड की महिला पारा वॉलीबॉल टीम ने तीसरा फेडरेशन कप पारा सिटिंग वॉलीबॉल चैंपियनशिप (Federation Cup Para Sitting Volleyball Championship)–2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल (Bronze Medal) में तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन 25 से 28 सितंबर 2026 तक इरोड, तमिलनाडु में किया गया। झारखंड की टीम ने प्रतियोगिता में शानदार शुरुआत की। पहले मैच में आंध्र प्रदेश को 3–0, दूसरे मैच में महाराष्ट्र को 3–0 तथा तीसरे मैच में तमिलनाडु को 3–0 से हराकर सेमीफाइनल (Semi-Final) में प्रवेश किया। सेमीफाइनल (Semi-Final) मुकाबले में झारखंड और गुजरात के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर के बाद झारखंड को 2–3 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में झारखंड ने तमिलनाडु को 3–0 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल (Bronze Medal) यानी तीसरा स्थान प्राप्त किया।
.jpeg)
पदक एवं ट्रॉफी प्रदान की गई
झारखंड महिला टीम को ब्रॉन्ज मेडल (तीसरा स्थान) एवं ट्रॉफी संयुक्त रूप से पैरालंपिक कमिटी ऑफ इंडिया के जनरल सेक्रेटरी जयवंत गुंडू हमनावर, पारा वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ तमिलनाडु के अध्यक्ष डॉ. मक्कल जी. राजन तथा पारा वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के सचिव विजय राव शिंदे द्वारा प्रदान की गई। यह झारखंड की महिला खिलाड़ियों के लिए गर्व का क्षण रहा। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने के बाद सभी खिलाड़ी 30 सितंबर 2026 को रांची रेलवे स्टेशन पहुँचीं। स्टेशन पर पारा वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ झारखंड के पदाधिकारियों, खेलप्रेमियों एवं समर्थकों ने खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया और उन्हें ब्रॉन्ज मेडल (तीसरा स्थान) जीतने पर बधाई दी।

झारखंड टीम में शामिल खिलाड़ी
टीम की कप्तान प्रतिमा तिर्की के साथ अनीता तिर्की, संजुक्ता एक्का, महिमा उरांव, पुष्पा मिंज, सुनीता कुमारी, सरिता भुठकुमारी मुंडा, निक्की कुमारी, सुलेखा कुमारी, पूनम कुमारी, जयश्री कुमारी, रेनू कुमारी एवं असुंता टोप्पो शामिल थीं। टीम के साथ कोच मुकेश कंचन एवं पारा वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ झारखंड की सचिव सरिता कुमारी भी मौजूद रहीं। पारा वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष राहुल मेहता, पतरस तिर्की, वागीस त्रिपाठी एवं जगदीश कुमार उर्फ जग्गू भैया ने पूरी टीम को ब्रॉन्ज मेडल (तीसरा स्थान) प्राप्त करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। एसोसिएशन ने कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और अच्छे खेल से झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
