logo

IPL 2026 : क्वालीफायर-1 में आज गुजरात से भिड़ेगा बेंगलुरु, धर्मशाला में शाम 7 बजे शुरू होगा मैच

A274.jpg

द फॉलोअप स्पोर्ट्स डेस्क:

रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच आईपीएल 2026 का पहला क्वालीफायर धर्मशाला में खेला जाएगा। यहां जीतने वाली टीम सीधे फाइनल का टिकट कटाएगी, जबकि हारने वाली टीम को खिताबी मुकाबले में बने रहने का एक और मौका मिलेगा। आरसीबी डिफेंडिंग चैंपियन है, जबकि गुजरात टाइटंस ने वर्ष 2022 में अपने पहले ही सीजन में खिताब जीत लिया था। गौरतलब है कि वर्ष 2022 में जब से इंडियन प्रीमियर लीग में 10 टीम हुए हैं, खेल का तरीका बदल गया है। पहले जहां टूर्नामेंट मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स, कोलकाता नाइट राईडर्स और दिल्ली कैपिटल्स जैसी मजबूत टीमों के इर्द-गिर्द घूमता था, वहीं अब ऐसा नहीं है। 2022 के बाद पिछले 4 सीजन में चार अलग-अलग चैंपियन मिले हैं। 2022 में गुजरात टाइंटस ने टाइटल जीता। 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स को जीत मिली। 2024 में कोलकाता नाइट राईडर्स ने ट्रॉफी जीती तो वहीं  2025 में  आरसीबी चैंपियन बना। 

गुजरात और बेंगलुरु की यूएसपी क्या है
2022 के बाद आरसीबी और गुजरात टाइटंस निरंतरता के मामले में सबसे बेहतर हैं। 2022 से लेकर अब तक गुजरात टाइटंस ने 46 मुकाबले जीते, जबकि 28 मैचों में हार मिली तो वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 43 मुकाबले जीते और 31 हारे हैं। इस बीच मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स का रिकॉर्ड काफी खराब रहा है।

 

धर्मशाला में शाम सात बजे शुरू होगा मैच
आज धर्मशाला में क्वालीफायर-1 में आरसीबी और गुजरात टाइटंस की भिड़ंत होगी। दोनों ही टीमों ने शानदार खेल दिखाया है। दोनों ही टीमों की अगुवाई युवा कप्तान के जिम्मे है। गुजरात के कप्तान शुभमन गिल हैं, जबकि रजत पाटीदार आरसीबी के कप्तान हैं। दोनों ने बल्लेबाजी से भी अपने टीमों की अगुवाई की है। आरसीबी के लिए विराट कोहली ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। भुवनेश्वर कुमार पर फिर से निगाहें रहेंगी। गुजरात को कप्तान गिल और साईं सुदर्शन से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

जोस बटलर से भी बड़ी पारी की उम्मीद होगी। गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा से निरंतरता की उम्मीद रहेगी। 

Tags - Indian Premier LeagueIPL 2026IPL 2026 QualifierGTvsRCB