बोकारो:
Bokaro News: झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी बोकारो जिले के ललपनिया स्थित संथाल आदिवासी समाज के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था के केंद्र लुगुबुरू घंटाबाड़ी धर्मगढ़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर समस्त राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच बांटी खिचड़ी
पूजा-अर्चना के पश्चात बाबूलाल मरांडी ने लुगुबुरू धर्मगढ़ में आयोजित विशाल धार्मिक मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी का वितरण किया। साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात भी की। इस दौरान बाबूलाल मरांडी ने संथाल समाज की आस्था और सांस्कृतिक विरासत को गौरवशाली बताया।
संथाल समाज की सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र है लुगुबुरू धर्मगढ़
उल्लेखनीय है कि लुगुबुरू घंटाबाड़ी धर्मगढ़ संथाल आदिवासी समाज की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले विशाल धार्मिक मेले में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं और अपनी समृद्ध परंपरा, संस्कृति एवं आस्था के प्रति श्रद्धा निवेदित करते हैं। यह स्थल संथाल समाज की गौरवशाली विरासत और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है।