द फॉलोअप टीम, पटना:
दहेज के चलते एक बेटी की फिर जान ले ली गई। घटना पटना के पास मनेर के सादिकपुर गांव की है। दहेज के लालच में एक परिवार ने अपनी बहू को महज 50 हजार रुपये के लिए बेरहमी से मार डाला। इतना ही नहीं, उन अपराधियों ने उसके शव को गंगा में बहा दिया। मृतिका की पहचान शाहपुर थाना के मुबारकपुर निवासी नीलम देवी के रूप में की गई है।
दो बच्चों की हत्या की भी आशंका
मनेर थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक नीलम और उनके बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि कुणाल और उसकी मां सहित कई लोगों पर दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। नीलम के परिजनों ने बच्चों की भी हत्या कर दिए जाने की आशंका व्यक्त की है।
ससुराल में हमेशा किया जाता था प्रताड़ित
नीलम के भाई मिथिलेश कुमार ने बताया कि लगभग 6 साल पहले उन्होंने अपनी बहन की शादी मनेर थाना के सादिकपुर गांव में कुणाल कुमार से की थी। शादी के बाद से ही नीलम के ससुराल वालों द्वारा लगातार दहेज की मांग की जाने लगी । वहीं दहेज नहीं देने पर नीलम को कई दिनों तक घर में बंद कर भूखे-प्यासे रखा जाता था। उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। इसी दौरान नीलम ने एक बेटा और एक बेटी को जन्म दिया। नीलम के मायके वालों को लगा कि बच्चों की खुशी में ससुराल वाले अब उन्हें प्रताड़ित नहीं करेंगे। मगर ससुराल वालों कि प्रताड़ना कम नहीं हुई ।
पड़ोसियों ने फोन कर भाई को दी खबर
बताया जा रहा है कि बुधवार शाम नीलम के मायके में किसी का फोन आया कि नीलम की तबीयत अच्छी नहीं है और उसे बुरी तरह से मारा-पीटा गया है। इसके साथ ही मिथिलेश ने बताया कि पास के ही एक गांव वाले ने उन्हें फोन पर बताया कि उनकी बहन की हत्या कर दी गई है और शव को गायब कर दिया गया है। जल्दबाजी में नीलम के परिजन उसके ससुराल सादिकपुर पहुंचे तो देखा कि बाहर से घर का ताला बंद है और ससुराल वाले फरार हैं।