logo

बिहार के रहने वाले दिल्‍ली के यह आला पुलिस अफसर आखिर क्यों चले गए छुट्टी पर

10419news.jpg
द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
लोकसभा 2019 के चुनाव में बिहार की बेगुसराय सीट हॉट मानी गई थी। जहां भाकपा से जेएनयु के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार, भाजपा के गिरिराज सिंह और राजद के तनवीर हसन समर में थे। उन्हीं तनवीर हसन के भाई ताज हसन दिल्ली में आला पुलिस अधिकारी हैं। लेकिन वो छुट्टी पर चले गए हैं। जबकि गृह मंत्रालय ने उनको फायर सर्विस, सिविल डिफेंस और होम गार्ड्स के डीजी के पद पर नियुक्त किया है। यह वही तैनाती है जब CBIvsCBI के बाद सरकार ने डायरेक्टर सीबीआई आलोक वर्मा को यहां भेजा था। ताज हसन अभी दिल्ली पुलिस में विशेष आयुक्त (यातायात) हैं। वे दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता भी रहे हैं। राष्ट्रमंडल खेल में शानदार प्रबंधन के लिए उन्हें) राष्ट्रपति अवार्ड भी मिला था। ताज बेगुसराय के लकमिनिया के रहने वाले हैं। उनकी पत्नी नुजहत हसन भी आईपीएस अधिकारी हैं।

सीनियरिटी के अनुसार नहीं मिले प्रमोशन से नाराजगी 
दिल्ली पुलिस आयुक्त की नियुक्ति में वरिष्ठता होने के बावजूद ताज हसन को पद ना देना चर्चा का विषय बना हुआ है। माना जा रहा था कि गृह मंत्रालय पुलिस आयुक्त की नियुक्ति का आदेश जारी करने से पहले ताज हसन का तबादला आदेश जारी करेगा। अपनी अनदेखी से आहत ताज हसन ने पुलिस आयुक्त के विदाई समारोह से भी किनारा कर लिया था।




पुलिस महानिदेशक पद पर नियुक्ति की अटकलों पर भी विराम!
वरिष्ठ पत्रकार पंकज चतुर्वेदी बताते हैं कि गौरतलब है कि सच्चिदानंद श्रीवास्तव के सेवानिवृत्त होने के बाद एजीएमयू काडर में 1987 बैच वरिष्ठता क्रम में सबसे ऊपर मौजूद चार अधिकारियों में से केवल ताज हसन ही एकमात्र ऐसे अधिकारी हैं‚ जो दिल्ली पुलिस में ही विशेष आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं। वरिष्ठता क्रम और प्रोटोकॉल का पैमाना कहता है कि सर्वोच्च पद पर नियुक्ति में वरिष्ठ अधिकारी की अनदेखी होने की स्थिति में उन्हें अन्यत्र स्थानांतरित कर दिया जाता है। चर्चा यह भी थी कि ताज हसन को मिजोरम का पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया जा सकता है। लेकिन वहां इस पद पर तैनात सुश्री भूषण कुमार सिंह केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा बनाए गए तीन अधिकारियों के पैनल में शामिल होने के कारण अभी भी पुलिस आयुक्त की दौड़ में शामिल हैं‚ तो उनके तबादले को लेकर कोई निर्णय नहीं हो पाया है। ऐसे में फिलहाल ताज हसन की पुलिस महानिदेशक पद पर नियुक्ति की अटकलों पर भी विराम लग गया। 

गृह मंत्रालय ने वरिष्ठता के प्रोटोकॉल को किया नजरअंदाज
पंकज बताते हैं कि दिल्ली पुलिस के नए आयुक्त की नियुक्ति में चल रही खींचतान के बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वरिष्ठता के प्रोटोकॉल को नजरअंदाज कर दिया है। मंगलवार को 1988 बैच के अधिकारी बालाजी श्रीवास्तव को कार्यवाहक पुलिस आयुक्त नियुक्त करने का आदेश तो जारी किया गया‚ लेकिन ताज हसन को अन्यत्र स्थानांतरित नहीं किया गया। ताज हसन ने मंगलवार को ही एक सप्ताह का अवकाश स्वीकृत करा लिया। वह बुधवार को सच्चिदानंद श्रीवास्तव के विदाई समारोह में भी शामिल नहीं हुए।