logo

भवानीपुर उपचुनाव: BJP ने झोंकी ताकत, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने प्रियंका टिबरेवाल के लिए किया प्रचार

13065news.jpg

द फॉलोअप टीम, कोलकाता: 

पश्चिम बंगाल की भवानीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 30 सितंबर को वोटिंग होगी। इस हाइ-प्रोफाइल मुकाबले के लिए बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस दोनों ने पूरी ताकत झोंक दी है। भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय मंत्रियों को भी मैदान में उतार दिया है। बुधवार को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बीजेपी प्रत्याशी प्रियंका टिबरेवाल के समर्थन में प्रचार किया। 

हरदीप सिंह पुरी ने किया कैंपेन
बुधवार को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिहं पुरी ने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में डोर-टू-डोर कैंपेन किया। हरदीप सिंह पुरी यहां ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव में उतरीं प्रियंका टिबरेवाल के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे है। यहां 30 सितंबर को वोटिंग होगी। गौरतलब है कि भवानीपुर विधानसभा सीट टीएमसी विधायक सोभनदेव चट्टोपाध्याय के इस्तीफा देने की वजह से खाली हुई है। कहा जा रहा है कि उन्होंने इस्तीफा दिया ताकि ममता बनर्जी यहां से चुनाव जीतकर विधानसभा की सदस्य बन सकें। 

नंदीग्राम से हारी थीं ममता बनर्जी
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि हालिया पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी ने परंपरागत भवानीपुर विधानसभा सीट छोड़कर नंदीग्राम से चुनाव लड़ा था। यहां उनका मुकाबला अपने पूर्व सहयोगी शुभेंदू अधिकारी के साथ था। ममता बनर्जी चुनाव हार गई थीं। टीएमसी को बहुमत मिला और ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। संवैधानिक प्रावधानों के मुताबिक उनको 6 महीने में विधानसभा की सदस्यता लेनी है। पांच नवंबर को इसकी मियाद पूरी होगी। 

30 सितंबर को उपचुनाव की वोटिंग
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान जंगीपुर और समसेरगंज सीट पर भी चुनाव नहीं करवाया जा सका था। इन सीटों पर भी उपचुनाव हो रहा है। यहां भी 30 सितंबर को वोटिंग होगी। भवानीपुर सीट हाइ-प्रोफाइल है क्योंकि यहां से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी उम्मीदवार हैं। बीजेपी ने प्रियंका टिबरेवाल को उम्मीदवार बनाया है। प्रियंका टिबरेवाल भारतीय जनता युवा मोर्चा की उपाध्यक्ष हैं और पेशे से सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता भी हैं।