logo

Bihar Corona Update: चढ़ने की रफ्तार से ही उतर रही है कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर

Bihar Corona Update: चढ़ने की रफ्तार से ही उतर रही है कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर
द फॉलोअप टीम, पटना: 

बिहार से भी सुखद सूचना मिल रही है। जिस तेजी से कोरोना की दूसरी लहर ऊपर चढ़ी, उसी रफ्तार से अब नीचे भी उतर रही है। पचास दिन बाद बिहार में दो हज़ार से कम संक्रमित मिले हैं। मौत के आंकड़े में भी कमी आयी है। पिछले 24 घंटे में 92,173 लोगों के हुए कोरोना टेस्ट में 1,785 नए पॉजिटिव केस मिले हैं। राज्य  में अब 24,809 एक्टिव केस ही हैं।

राज्य में मरीजों के रिकवरी का प्रतिशत 95.76
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक कोरोना से पीड़ित 6 लाख 72 हजार 868 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं। राज्य में मरीजों के रिकवरी का प्रतिशत 95.76 है। राज्य के 36 जिलों में 100 से भी कम नए कोरोना पॉज़िटिव मरीज़ मिले। सिर्फ 2 जिले ऐसे हैं,जहां 100 से ज़्यादा नए केस सामने आये हैं।

कैमूर जिले में सबसे कम मरीज मिले
पटना में कुल 238 नए केस मिले हैं। जबकि, दूसरे नंबर पर बेगूसराय जिला है। यहां 129 नए केस मिले हैं। तीसरे नंबर पर गोपालगंज जिला है, वहां 98 नए केस मिले हैं। सबसे कम केस कैमूर जिले में मिला है। यहां 5, इसके बाद नवादा में 6, शेखपुरा में 7 और भोजपुर जिले में 9 नए केस मिले हैं। यह आंकड़ा शुक्रवार का है।

लॉकडाउन को लेकर होगा बड़ा फैसला! 
कोरोना संक्रमण की लगातार घटती दर के मद्देनज़र कहा जा सकता है कि एक जून के बाद लॉकडाउन में छूट मिल सकती है। क्योंकि एक जून को बिहार में लॉकडाउन की मियाद खत्‍म हो रही है। आज सरकार लॉकडाउन पर समीक्षा करेगी। सभी जिलों के डीएम से लॉकडाउन पर फीडबैक लिया जाएगा। पूछा जाएगा कि लॉकडाउन और बढ़ाया जाए या कुछ सख्‍ती के साथ अनलॉक की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।