logo

लालू प्रसाद यादव के तेज से क्‍यों घबरा गए नीतिश कुमार, जानिये 'सेकेंड लालू' का किस्‍सा

11250news.jpg

द फॉलोअप टीम, पटना:

जेपी आंदोलन से निकले लालू प्रसाद यादव नब्बे के दशक में बिहार की राजनीति में इसलिए धमक पैदा कर सके कि आम जनमानस में अपनी छवि एक देशज नायक की बना ली थी। इसका कारण रहा, जनता से ठेठ गंवई अंदाज में मिलना और बतियाना। उनके बड़े साहबजादे तेजप्रताप यादव भी कमोबेश उनके नक्शेे कदम पर चलते हुए भिन्न-भिन्न मुद्रा में दिखलाई देते हैं। बोलते-बतियाते हैं। राजद के स्थापना दिवस पर जब से पिता ने उनके भाषण की प्रशंसा की है, उनका उत्साह और बढ़ गया है। उनके लालू स्टाइल में सक्रिय होने से शुरुआत से ही विवाद में रही नीतिश सरकार घबराई हुई लगती है। इस खबर में इसके कारण जानते हैं। हालांकि तेज अपने छोटे भाई पूर्व डिप्‍टी सीएम तेजस्‍वी यादव को अर्जुन कहते रहे हैं।

खुद को माना सेकेंड लालू, लाइव आकर सरकार को फटकारा

तेज प्रताप यादव ने बाकयदा ‘सेकेंड लालू तेज प्रताप यादव’ नाम का एक फेसबुक पेज ही  बना लिया है। इसका आशय लोग यही लगा रहे हैं कि तेज खुद को 'सेकेंड लालू' मान लिया है। खुद लाइव आकर उन्होंने यह बात कही भी है।  वे ‘सेकेंड लालू’ पेज से लाइव आए।  वहीं पहले दिन तेज ने उन्हें धन्यवाद दिया जिन लोगों ने इस पेज को लाइक किया है। सोमवार को लाइव आकर उन्होंने सावन की शुभकामनाएं भी दीं।  इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लालू यादव के अंदाज में चेताया। 

लाइव आकर बताई लालू की बातें, युवाओं को मोहा

तेज प्रताप ने लाइव बताया कि हमने पिता जी को बताया है कि बिहार के गरीब-गुरबा, सारे युवा आपको पसंद करते हैं। पिता जी भी हमें बताते हैं कि किस तरह से हमें आगे बढ़ना है। जनता ने हम पर इतना भरोसा किया है। कहा कि समझिए कि हम सब सरकार में ही हैं। जनमत नीतीश कुमार के साथ नहीं हैं। यंग विधायक हमारे यहां से जीतने का काम किया है। खबर है कि सेंकेंड लालू नामक फेसबुक पेज किन्‍हीं र्मा ने बनाया है। पेज को लाइक करने वालों की कतार लगी हुई है।

लालू से मिलते-जुलते अंदाज पर फिदा प्रशंसक

तेजप्रताप ने कहा कि वह जहां भी जाते हैं उन्हें लोग कहते हैं कि उनका पूरा अंदाज लालू प्रसाद से मिलता जुलता है। इसलिए यह पेज बनाया गया। उन्होंने पेज के कंटेंट को शेयर करने की भी अपील की। कहा कि कोरोना का थर्ड फेज भी आना वाला है। इसलिए सतर्क रहिए, मुस्तैद रहिए। फिर वह कहते हैं उन्होंने वैक्सीन की दोनों डोज ले ली है। उनके फॉलोवर्स भी वैक्सीन की दोनों डोज ले लें। कहा कि रोजगार के सवाल, गरीबों के सवाल को राष्ट्रीय जनता दल उठाने का काम करेगा। कहा कि अपने पिता लालू प्रसाद के मार्गदर्शन में हम जनता का दुख दर्द समझने का काम कर रहे हैं। 

बोले, दोनों भाइयों की हत्‍या की रची गयी साजिश

तेज प्रताप यादव ने कहा कि आम आदमी के साथ तो अपराध हो ही रहा था अब विधायकों के साथ भी ऐसा हो रहा है।  पवित्र मंदिर में इस तरह का काम किया गया है।  हमलोग भी सत्ता में रहे हैं लेकिन कभी ऐसा नहीं हुआ। कहा कि तेज प्रताप और तेजस्वी यादव की हत्या करने की साजिश रची गई थी। इस दौरान तेज प्रताप यादव ने रोजगार के मुद्दे पर राज्य सरकार से लेकर केंद्र सरकार को भी घेरा। कहा कि आज कितने लोगों को रोजगार मिला है यब बताया जाए। बिना घूस दिए आज बिहार में कुछ नहीं हो रहा है।  इस दौरान उन्होंने और भी कई बातें कहीं और पेज को ज्यादा से ज्यादा शेयर करने की बात कह लाइव को समाप्त कर दिया।