द फॉलोअप टीम, मुंबई:
अभिनेत्री तापसी पन्नू के खिलाफ आईटी डिपार्मटें की कार्रवाई जारी है। आईटी डिपार्मेंट के मुताबिक तापसी ने अपनी कमाई के बारे में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को गलत जानकारी दी। तकरीबन 300 करोड़ रुपये की हेराफेरी की। आईटी डिपार्टमेंट का ये भी कहना है कि तापसी पन्नू के घर से उन्होंने पांच करोड़ रुपये की नकदी की रसीद बरामद की है। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के पास इन पैसों की जानकारी नहीं थी। इस बीच आईटी डिपार्टमेंट ने तापसी पन्नू पर एक और गंभीर आरोप लगाया है। आईटी डिपार्टमेंट का कहना है कि तापसी पन्नू ने अपने फोन से कुछ डाटा डिलीट भी किया है। इन आरोपों पर अब तापसी पन्नू का रियेक्शन आया है।
तापसी पन्नू ने किया एक के बाद एक ट्वीट
तापसी पन्नू ने अपने खिलाफ आयकर विभाग की कार्रवाई के जवाब में सिलसिलेवार ढंग से तीन ट्वीट किये। तापसी पन्नू ने इन ट्वीट्स के जरिये मजाकिया लहजे में एक-एक आरोप का जवाब दिया है। तापसी पन्नू ने सबसे पहले वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण के उस कथन का जवाब दिया जिसमें वित्त मंत्री ने कहा था कि जब 2013 में यूपीए सरकार के दौरान ऐसी कार्रवाई हुई थी तब तो किसी ने कुछ नहीं कहा। अब इसे बदले की कार्रवाई बताया जा रहा है। तापसी पन्नू ने लिखा कि "माननीय वित्त मंत्री के मुताबिक साल 2013 में मेरे खिलाफ आयकर विभाग की कार्रवाई हुई थी। मैं इतनी भी सस्ती नहीं हूं। मेरे खिलाफ कभी ऐसी कार्रवाई नहीं हुई"।
क्या पेरिस में तापसी पन्नू का बंगला है!
इसके बाद तापसी ने एक और ट्वीट किया। ये ट्वीट पेरिस में तापसी पन्नू का बंगला होने के संबंध में किया गया। तापसी ने लिखा कि "मेरे पास कथित बंगले की चाबी है जो पेरिस में है। निश्चित तौर पर क्योंकि गर्मियों की छुट्टियां शुरू होने वाली है"। तापसी ने कहने की कोशिश की है कि वो पेरिस में किसी भी बंगले की मालकिन नहीं हैं। सूत्रों के मुताबिक जांच में ये बात सामने आई थी कि तापसी के पास पेरिस में बंगला है।
तापसी पन्नू के खिलाफ जारी है जांच
तापसी ने लिखा कि "गहन जांच के बाद मेरे पास पांच करोड़ रुपये के भुगतान की रसीद मिली है जिसे मैंने भविष्य के लिए फ्रेम करा लिया है। क्योंकि ऐसा कोई पैसा मुझे मिला नहीं"। दरअसल, आयकर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें तापसी के घर से पांच करोड़ रुपये के भुगतान की रसीद मिली है। हालांकि, तापसी पन्नू ने इन तमाम आरोपों को निराधार बताया है। तापसी पन्नू ने इन तीनों ट्वीट्स से पहले लिखा कि मेरे खिलाफ बीते कुछ दिनों में जांच के बाद ये तीन महत्वपूर्ण बातें पता चली है।