द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
भाजपावाद वर्सस गैर-भाजपावाद के चित्र रोज ही सामने आ रहे हैं। कहीं केंद्र में प्रशांत किशोर, शरद पवार, ममता बनर्जी, तो कहीं राहुल गांधी और लालू प्रसाद यादव दिखलाई दे रहे हैं। कल लालू प्रसाद यादव की मुलायम सिंह यादव और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात हुई थी। लालू यादव ने ट्विटर पर लिखा कि खेत-खलिहान, गैर-बराबरी, किसानों, गरीबों और बेरोजगारों के लिए हमारी साझी चिंता औऱ लड़ाई है। आज देश को पूंजीवाद औऱ सम्प्रदायवाद नहीं बल्कि समाजवाद की अत्यंत आवश्यक्ता है।

मीसा भारती ने बताया दो समाजवादी पुरोधा की भेंट
आज राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद से शरद यादव भी मिले। मुलाकात दिल्ली स्थित राज्या सभा सदस्य मीसा भारती के आवास पर हुई। मीसा ने इसे दो समाजवादी पुरोधा की भेंट बताया है। कहा है कि जब ये मिलते हैं तो जीवन के नहीं, देश के कई पड़ाव यूँ ही बातों में समेट लेते हैं! वहीं लालू यादव ने ट्विटर पर लिखा कि सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और राजनीतिक असमानता के विरुद्ध हमारा लंबा संघर्ष रहा है। हम समाजवादियों का संघर्ष ही संस्कार है। सांप्रदायिकता और ग़ैर-बराबरी के ख़िलाफ अंतिम दम तक लड़ाई जारी रहेगी।

शरद पवार और रामगोपाल से पिछले सप्ताह मिले थे
लालू प्रसाद यादव से पिछले सप्ताह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव और पूर्व केंद्रीय मंत्री अखिलेश सिंह मिले थे। कहने को तो सभी मुलाकातों को कुशलक्षेम जाना बताया जा रहा है। लेकिन वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में विपक्षी रणनीति से इंकार नहीं किया जा सकता। राजनीतिक पंडित समाजवादी नेताओं की गोलबंदी भी बता रहे हैं। सियासी अटकलें जारी हैं।
