द फॉलोअप टीम, पटना:
हिंदुस्तान में युद्धस्तर पर टीकाकरण अभियान जारी है। हालांकि, अभी भी कई लोग वैसे हैं जो कोरोना टीकारण को लेकर आशंकित हैं या फिर लापरवाही बरत रहे हैं। कई लोगों ने अभी तक सेकेंड डोज नहीं लगवाया है। यदि लोग टीका लगवाने में आनाकानी करेंगे तो महामारी को हराने की तमाम कोशिशें असफल हो सकती है। ऐसे में बिहार की राजधानी पटना में टीकाकरण के लिए अनोखी पहल की गयी है जो लोगों को आकर्षित कर रहा है।
टीकाकरण के प्रति जागरूक करने की पहल
दरअसल, बिहार में लोगों को कोविड टीकाकरण के प्रति जागरूक करने के लिए नई पहल शुरू की गई है। पटना जिला प्रशासन और केअर इंडिया ने इसकी शुरुआत की है। इस पहल के तहत जो लोग कोविड टीका का दूसरा डोज लगवाएंगे उनको लकी ड्रॉ के जरिये पुरस्कार दिया जायेगा। प्रतिभागी 8 नवंबर से 26 नवंबर के बीच कोविड का दूसरा टीका लगवाकर लकी ड्रॉ में शामिल हो सकते हैं और आकर्षक इनाम जीतने का मौका पा सकते हैं।

28 नवंबर को खोल दिया जायेगा लकी ड्रॉ
गौरतलब है कि 28 नवंबर को लकी ड्रॉ खोले जाएंगे। पहला पुरस्कार बजाज पल्सर बाइक या होंडा एक्टिवा दिया जायेगा। द्वितीय पुरस्कार के रूप में 32 ईंच की एलईडी टीवी दी जायेगी। तृतीय पुरस्कार जीतने वाले प्रतिभागी को मोबाइल फोन दिया जायेगा वहीं सांत्वना पुरस्कार जीतने वाले कुछ प्रतिभागियों को प्रेशर कुकर इनाम में दिया जायेगा।
आरोग्य सेतु एप में करना होगा रजिस्ट्रेशन
अब सवाल होगा कि इस प्रतियोगिता में भाग कैसे लेना है। इसका जवाब यहां है। प्रतिभागियों को कोविन या आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करना होगा। इसमें अपना रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। लकी ड्रॉ में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागी का 26 नवंबर से पहले दूसरा टीका लेना अनिवार्य होगा। प्रतिभागी की उम्र 18 साल से अधिक होनी चाहिए। कोविड वैक्सीनेशन केंद्र में प्रतिभागी को अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर लिखवाना होगा। वहीं वैध पहचान पत्र के रूप में पासपोर्ट, आधार कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस की छायाप्रति जमा करवाना होगा।

पटना के जिलाधिकारी ने पहल पर क्या कहा!
इस पहल को लेकर पटना के उपायुक्त डॉ. चंद्रशेकर सिंह ने कहा कि लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करने के लिए ये पहल की गई है। लोग सेकेंड डोज लगवाने में उतनी दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। लोग यदि दूसरा डोज नहीं लगवाते हैं तो सारी मेहनत बेकार हो जायेगी। महामारी को हराना है तो पूर्ण टीकाकरण जरूरी है। उम्मीद है कि लोग जागरूक होंगे।
