द फॉलोअप टीम, रांची:
झारखंड के लिए खुशखबरी है। एक मात्र प्राइवेट जेट का परिचालन फिर से शुरू होने वाला है। रांची अपर बाजार के रहने वाले मुरारी जालान फिर से जेट एयरवेज को उड़ान देने वाले हैं। मुरारी जालान बड़े व्यवसाइयों में आते हैं। जेट एयरवेज के रिजोल्यूशन प्लान को NCLT मुंबई से मंजूरी जून माह में ही मिल गई है। जेट एयरवेज 2022 की पहली तिमाही तक घरेलू विमान सेवाएं फिर से शुरू कर देगी और अगले साल की आखिरी तिमाही तक छोटी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शुरू हो जाएगी।

अभी तक नहीं लौटाया पुराना स्लॉट
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अब भी पुराने स्लॉट्स नहीं लौटाए गए हैं। NCLT ने आदेश में साफ कर दिया है कि स्लॉट को लेकर उसका कोई अधिकार नहीं होगा। स्लॉट पर DGCA विचार करेगा। जेट एयरवेज की पहली उड़ान दिल्ली-मुंबई रूट पर होगी और एयरलाइन का हेड क्वार्टर मुंबई के बजाय अब दिल्ली में होगा। अगर सब कुछ ठीक रहा तो रिजोल्यूशन प्लान को मंजूरी मिलने के बाद जेट के दोबारा उड़ान भरने की उम्मीद है। जेट एयरवेज के लिए कैलरॉक और जालान के कंसोर्शियम ने बोली दी थी। मंगलवार को रांची वासियों के लिए ये अच्छी खबर आई।
22 जून को सुनाया गया आदेश
मुरारी जालान ने कहा कि जालान कालरॉक गठजोड़ की योजना तीन साल में 50 से ज्यादा विमान और पांच साल में 100 से ज्यादा विमानों का बेड़ा तैयार करने की है, जो गठजोड़ की अल्पकालिक और दीर्घकालिक व्यापार योजना के लिहाज से पूरी तरह उपयुक्त है। बता दें कि जेट एयरवेज पर सुनवाई 22 जून को हुई थी जिसमें मौखिक आदेश सुनाया गया था।

2019 में बंद हो गई थी एयरलाइन
नरेश गोयल द्वारा स्थापित भारत की सबसे पुरानी निजी एयरलाइन जेट एयरवेज ने अप्रैल 2019 में धन की भारी कमी के कारण परिचालन बंद कर दिया था। समाधान योजना की मंजूरी के साथ, नए प्रवर्तकों को एक पूर्ण-सेवा वाहक के रूप में एयरलाइन की स्थिति को बहाल करने के लिए एक फ्लीट प्लान मिल रहा है। जेट एयरवेज के 11 विमानों का मौजूदा बेड़ा, जो अब दो साल से अधिक समय से बंद है, सेवानिवृत्त हो सकता है, और कंपनी परिचालन शुरू करने के लिए नए विमानों को पट्टे पर ले सकती है।