logo

Jharkhand weather: अगले 2 दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश के आसार, 5 जून के बाद ही होगा आसमान साफ

Jharkhand weather: अगले 2 दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश के आसार, 5 जून के बाद ही होगा आसमान साफ
द फॉलोअप टीम, रांची:

राजधानी का मौसम पिछले कुछ दिनों से लगातार बदल रहा है। कभी तेज धूप तो कभी आचनक से होनी वाली बारिश ने लोगों को परेशान कर दिया है। मंगलवार की शाम आसमान में बादल छाने के साथ बारिश और करीब 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा भी चली थी। 

बुधवार को भी रांची में छाये हैं बादल
रांची में बुधवार सुबह से ही आंशिक बादल छाए हुए हैं। कभी धूप तो- कभी छांव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग (weather department) के अनुसार बिहार में एक कम दबाव का चक्रवातीय क्षेत्र (cyclone zone) बना हुआ है। इसका टर्फ लाइन बिहार से लेकर झारखंड होते हुए पश्चिम बंगाल तक फैला हुआ है। इसका असर राज्य में देखने को मिल रहा है। इसके कारण अगले चार जून तक राज्य में कहीं-कहीं गर्जन के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना है। लोगों से सतर्क रहने को कहा गया है। 

आज इन जिलों में बारिश होने के आसार 
मौसम विभाग रांची के द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को रांची, गुमला, हजारीबाग, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, पलामू, गढ़वा, कोडरमा, पाकुर और साहेबगंज में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही वज्रपात और तेज हवा चलने की भी संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि आज राजधानी रांची में सुबह बादलों के कारण हल्की धूप निकली है। साथ ही, धीमी गति से हवा भी चल रही है।