logo

पीएलएफआई ने कारोबारी को दी धमकी, धुर्वा थाने में प्राथमिकी

पीएलएफआई ने कारोबारी को दी धमकी, धुर्वा थाने में प्राथमिकी
द फाॅलोअप टीम, रांची  
खूंखार माओवादी संगठन, पीपल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) सुप्रीमो दिनेश गोप ने धुर्वा के टेंट हाउस कारोबारी संदीप कुमार से 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगी है। पैसे नहीं देने पर गोप ने संदीप के दुकान को बम से उड़ाने की धमकी भी दी है। इस संबंध में कारोबारी संदीप कुमार ने धुर्वा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पीएलएफआई की धमकी के बाद सहमा परिवार  
पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप, सरदार जी और दो अनजान नंबर जिससे वाट्सएप मैसेज किया गया था उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने उक्त नंबर से वाट्सएप करने वाले की तलाश शुरू कर दी है। कारोबारी को धमकी मिलने के बाद उनका परिवार सहमा हुआ है। कारोबारी संदीप कुमार मूल रूप से बिहार के चैपारण के रहने वाले हैै। रांची में वह धुर्वा स्थित जेएससीए स्टेडियम के बगल में रहते है। वहीं उनका टेंट हाउस की दुकान है।

वाट्सएप के माध्यम से दी धमकी 
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार कारोबारी संदीप कुमार के मोबाइल पर 31 अक्टूबर को दिन के 2.59 बजे अनजान मोबाइल नंबर 12602358290 से एक वाट्सएप मैसेज आया। मैसेज में लिखा था बालाजी टेंट हाउस को सूचित किया जा रहा है कि संगठन से वार्ता कर लो। अन्यथा फौजी कार्रवाई होगी। जिससे आपको जान माल की हानि होगा। जिसके जिम्मेदार आप खुद होंगे। पचास लाख रुपए पीपल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) को सहयोग राशि भेज दे। लाल सलाम। पार्टी सुप्रीमो दिनेश गोप। इसके बाद 2 नवंबर को दिन के 11.17 बजे दोबारा उनके वाट्सएप पर अनजान नंबर 1204515567 से मैसेज आया। जिसमें लिखा था बालाजी टेंट हाउस आपको सूचित किया जाता है कि संगठन को 50 लाख रुपए सहयोग राशि जमा किजीए। अन्यथा फौजी कार्रवाई होगी। जिसका जिम्मेदार आप खुद होंगे। लाल सलाम। आपका संगठन सेंट्रल कमिटी सरदार जी।
 
ऑडियो रिकार्डिंग भी भेजा
इसके बाद एक ऑडियो रिकार्डिंग भी संदीप को भेजा गया। आॅडियो में कहा गया था, बालाजी टेंट हाउस लाल सलाम। एचईसी प्लांट हॉस्पीटल के बगल में आपका दुकान व घर दोनों है। सारा लोकेशन हम ले लिए है। संगठन से वार्ता कर ले। जो भी बोला गया है वो दे दो अन्यथा कुछ भी हो सकता है। दुकान उड़ा दूंगा व गोली मार दूंगा।

पुलिस कर रही है कार्रवाई 
इस बात की जानकारी होते ही पुलिस कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। इसके लिए फिलहाल वाट्सएप नंबर की जांच की जा रही है। पुलिस आगे की कार्रवाई के लिए भी योजना बनाई है।