द फॉलोअप टीम, डेस्क:
टोक्यो पैरालंपिक अभी चल रहा है। हमारे देश के लिए कई खिलाडियों ने मेडल जीत लिया है। भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविनाबेन पटेल का पैरालंपिक में मेडल जीतने का सपना सच हो गया, लेकिन उन्होंने एक और भी सपना देखा है। उनका दूसरा सपना अभी पूरा होना बाकी है। टोक्यो पैरालंपिक 2020 की रजत पदक विजेता टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविनाबेल पटेल का दूसरा सपना महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ही पूरा कर सकते हैं। आखिर वो कौन सा सपना है जो सिर्फ सचिन तेंदुलकर ही पूरा कर पाएंगे।

सचिन को दिखाना चाहती हैं मेडल
दरअसल भाविना का सपना है कि वह अपने आदर्श सचिन तेंदुलकर से मिलें और उन्हें अपना सिल्वर दिखाएं। वो अपने इस सपने को भी पूरा करना चाहती हैं। भाविनाबेन के पति निकुल पटेल ने कहा कि भाविना सचिन तेंदुलकर को अपना मेडल दिखाना चाहती है। इसलिए हम उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं और भारत लौटते ही हम उनसे मिलना चाहते हैं।

भाविना ने दर्ज कराया अपना नाम
भाविना पैरालंपिक में मेडल जीतने वाली दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी बनी थी। वह टेबल टेनिस क्लास 4 स्पर्धा के महिला एकल फाइनल में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी चीन की झाउ यिंग से 0-3 से हार गई थी। इसके बाद भारत की झोली में सिल्वर मेडल आया। टेबल टेनिस में भारत का यह पहला ओलंपिक मेडल है। दीपा मलिक पांच साल पहले रियो पैरालंपिक में गोला फेंक में रजत पदक के साथ पैरालंपिक खेलों में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं थी।