द फॉलोअप टीम, मुंबई:
राष्ट्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने शुक्रवार देर रात मुंबई के लोखंडवाला ने ड्रग्स केस मामले में एक प्रसिद्ध टीवी अभिनेता के घर पर छापा मारा। जानकारी के मुताबिक एनसीबी के अधिकारियों ने अभिनेता के घर से ड्रग्स भी बरामद किया। अधिकारियों ने बताया कि अभिनेता के घर में एक विदेशी महिला भी रहती थी। हालांकि, छापेमारी से कुछ मिनट पहले वो घर छोड़कर चली गयी थी।
बताया जा रहा है कि अभिनेता एजाज खान से पूछताछ के बाद एनसीबी ने ये कार्रवाई की थी। एजाज खान से एनसीबी कई घंटे तक पूछताछ कर चुकी है।
सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले से जुड़ा कनेक्शन
बता दें कि फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के कथित आत्महत्या मामले की जांच के दौरान ड्रग्स कनेक्शन सामने आया था। जांच में इस बात का पता चला था कि सुशांत सिंह राजपूत ड्रग्स लिया करते थे। उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती और रिया चक्रवर्ती के भाई शौविक चक्रवर्ती को मामले में गिरफ्तार भी किया गया था। यही नहीं, सुशांत सिंह राजपूत के क्रियेटिव मैनेजर सिद्धार्थ पिठानी और हाउस कीपर नीरज को भी गिरफ्तार किया गया था।
रिया चक्रवर्ती समेत कई फिल्म हस्तियों से पूछताछ
रिया चक्रवर्ती से होती हुई एनसीबी की जांच कई बड़ी फिल्म हस्तियों तक पहुंची। एनसीबी ने मामले में दीपिका पादुकोण, श्रद्धा कपूर, सारा अली खान, अर्जुन रामपाल सहित कई अन्य फिल्म हस्तियों से पूछताछ की। हाल ही में एनसीबी ने कहा था कि अर्जुन रामपाल ड्रग्स केस में नाम सामने आने के बाद दक्षिण अफ्रीका भागने की फिराक में थे। मामले में कॉमेडियन भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबुचिया को भी एनसीबी ने समन किया था।