द फॉलोअप टीम, पटना:
आखिर अपनी ही खानकाह के कब्रिस्तान में अमीर-ए-शरीयत मौलाना वली रहमानी सुपुर्द-ए-खाक कर दिए गए। खानकाह रहमानिया मुंगेर में मौलाना उमरैन महफ़ूज़ रहमानी ने नमाज़-ए-जनाजा अदा कराई। जिसमें देश-दुनिया से पहुंचे मरहूम के चाहने वालों ने शिरकत की।
द फॉलोअप ने शनिवार ही ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के महासचिव, इमारत शरीया बिहार-झारखंड:बिहार-ओड़ीसा के अमीर और खानाकाह रहमानिया मुंगेर के सज्जादानशीं मौलाना वली रहमानी के करीब 2 बजकर 50 मिनट बजे इंतकाल की खबर दी थी। दूसरी
खबर में सूचना दी थी कि नमाज़-ए-जनाज़ा मुंगेर में ही होगी।
पंद्रह दिन पहले वैक्सीन लगवाने के बाद हो गए कोराना पॉजिटिव
मौलाना वली रहमानी ने करीब 15 दिनों पहले ही वैक्सीन ली थी। जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी थी। गुरुवार को तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर पटना के पारस हॉस्पिटल में उन्हें दाखिल कराया गया था। जांच में वो कोराना पॉजिटिव पाए गए थे।
शोक संदेश का लगा तांता
नीतीश कुमार, मुख्यगमंत्री: हजरत मौलाना सैयद वली रहमानी के इंतकाल की खबर से बहुत दुखी हूं। उनका नाम बिहार एवं देश के मशहूर आलिमे दीन में शुमार होता था।
तेजस्वी यादव( नेता प्रतिपक्ष): इमारत- ए- शरीया के अमीर-ए-शरियत मौलाना वली रहमानी साहब के वफ़ात की ख़बर सुन कर मुझे दिली सदमा हुआ है। आप एक मारूफ मज़हबी आलिम ए दीन थे। ख़ुदा से दुआ करता हूं कि आपको मग़फ़िरत फ़रमा जन्नत में आला मक़ाम दें।
लालू प्रसाद यादव, पूर्व सीएम: हज़रत मौलाना वली रहमानी साहब आज आप दुनिया से भले ही रुख़सत हो गये लेकिन आपकी तहरीकात, तहरीरें, इल्म और अमल हमेशा ज़िंदा रहेंगी।
प्रियंका गांधी, कांग्रेस नेता : ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के महासचिव मौलाना वली रहमानी के निधन की खबर दुखद है। ईश्वर इस दुख की घड़ी में उनके परिजनों एवं प्रियजनों को कष्ट सहने का साहस दे। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।
मौलाना राबे हसनी नदवी(अध्यक्ष मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड): बहुत अफसोसनाक ख़बर है, जो डर था वही हुआ। उनसे मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड को बहुत ताक़त मिल रही थी। वो मसलों को हल कर रहे थे, उम्मत का नेतृत्व कर रहे थे।
मौलाना रिजवान अहमद इस्लाही (प्रदेश अध्यक्ष जमाअत इस्लामी बिहार): अमीर-ए -शरीयत देश और देश और अल्पसंख्यक समुदायों की समस्याओं के प्रति काफी संवेदनशील थे। वो मुसलमानों में एकता और मुस्लिम पर्सनल लॉ संबंधी मुद्दों को गंभीरता से उठाते रहे हैं।
अशोक चौधरी (मंत्री बिहार): बिहार, उड़ीसा व झारखंड के इमारत-ए-शरिया, अमीर-ए-शरियत मौलाना सैयद वली रहमानी के निधन की खबर से स्तब्ध हूं। अक्सर उनका मार्गदर्शन मिलता रहता था, ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।
ज़मा खान(मंत्री अल्पसंख्यक कल्याण): मौलाना रहमानी से उम्मत को बहुत फायदा पहुंच रहा था। वह दीन की खिदमत करने के साथ ही कौम के सभी मसलों को हल करते थे। उनके दुनिया से चले जाने से उम्मत को काफी नुकसान हुआ है।