द फॉलोअप टीम, रांची:
राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले बुलंद है। रांची के इंसलेरी इलाके में बदमाशों ने दिन दहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के मुताबिक बाइक सवार दो अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया। ये पूरा मामला तुपुदाना ओपी क्षेत्र का है। बाइक सवार दो बदमाश पीड़ित शख्स के हाथ से रूपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गये। जानकारी के मुताबिक बैग में डेढ़ लाख रूपये थे।
रुपयों से भरा बैग ले भागे बदमाश
जानकारी के मुताबिक एक शख्स बैंक से पैसे निकालकर जा रहा था। वो सड़क पार करने की कोशिश कर रहा था तभी बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उसके हाथ से रुपयों से भरा बैग छीन लिया। शख्स ने शोर मचाया। शोर सुनकर लोग इकट्ठा हो गये। बाइक सवार बदमाशों का पीछा किया गया लेकिन पकड़ पाने में कामयाबी नहीं मिली। घटना की सूचना फौरन पुलिस को दी गयी।
घेराबंदी कर पकड़ने की कोशिश
तुपुदाना पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित शख्स और आसपास के लोगों से पूछताछ की गयी। पुलिस ने अलग-अलग इलाके के पेट्रोलिंग पार्टी को मामले की सूचना दी। इलाके की घेराबंदी की गयी। अपराधियों को पकड़ने के लिये सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।