द फॉलोअप टीम, रांची:
झारखंड में कोरोना संक्रमण की वजह से एक सप्ताह का लॉकडाउन लगाया गया था। मुख्यमंत्री ने 22 से 29 अप्रैल के बीच स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के तहत तालाबंदी का एलान किया था। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने इसे और सात दिनों तक बढ़ाने की अपील की है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव और राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि लॉकडाउन की अवधि को और सात दिनों के लिए बढ़ा दिया जाना चाहिए।
बढ़ाई जाये स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह की अवधि
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के तहत जो प्रयास किया पार्टी उसकी सराहना करती है। विशेषज्ञों और चिकित्सकों का मानना है कि कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए न्यूनतम 14 दिनों के लॉकडाउन की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि सात दिनों के लॉकडाउन को और सात दिन तक बढ़ाया जाना चाहिए। 14 दिन बाद इसकी समीक्षा की जानी चाहिए की स्थिति में कितना सुधार हुआ है।
वैक्सीनेशन की अवधि भी बढ़ाने की जरूरत
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह की अवधि बढ़ाने के साथ ही वैक्सीनेशन की गति भी बढ़ानी होगी। इलाज की सुविधा में भी इजाफा करना होगा। हर जरूरतमंद व्यक्ति को बेड, ऑक्सीजन, इंजेक्शन और दवाइयों सहित जरूरी सुविधा मिले इसका उपाय करना होगा। स्वास्थ्यकर्मियों का मनोबल लगातार ऊंचा रहे इसके लिए भी प्रयास करना होगा।
वित्त मंत्री की अधिकारियों के साथ बैठक जारी
प्रदेश प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव लगातार अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। स्थिति में सुधार करने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रहे हैं। खूंटी जिला के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक की गयी थी। अधिकारियों को जरूरी आदेश दिया गया है। गांव में लौटे प्रवासी श्रमिकों के लिए रोजगार, राशन और भोजन की व्यवस्था कैसे की जाये इसकी चर्चा की गयी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता भी लगातार इलाके में सक्रिय हैं।
कोरोना संकट में कमियों को दूर करना होगा
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि इस संकट की घड़ी में राज्य सरकार की ओर से उठाये जा रहे प्रयास सराहनीय है, लेकिन कमियों को भी दूर करने की जरूरत है। निजी अस्पतालों की मनमानी पर अंकुश के साथ ही सरकारी अस्पतालों में सुविधा में बढ़ोत्तरी की जरूरत है। इस दिशा में पार्टी के सभी नेता-कार्यकर्त्ता भी जन सेवा की भावना से काम में जुटे हुए हैं।