द फॉलोअप टीम, रांची:
झारखण्ड के लिए गौरव की खबर है। एक मात्र प्राइवेट जेट का परिचालन फिर से शुरू होने वाला है। मुरारी जालान एक बार फिर से जेट एयरवेज को उड़ान देने वाले हैं। मुरारी जालान बड़े व्यवसाइयों में आते हैं। जेट एयरवेज के रिजोल्यूशन प्लान को NCLT मुंबई से मंजूरी मिल गई है। हालांकि अब भी पुराने स्लॉट्स नहीं लौटाए गए हैं। NCLT ने आदेश में साफ कर दिया है कि स्लॉट को लेकर उसका कोई अधिकार नहीं होगा।
कहा गया है कि स्लॉट पर DGCA विचार करेगा। जेट को 90 दिनों के भीतर विमानन मंत्रालय और दूसरी सरकारी विभागों से सारी मंजूरी लेनी पड़ेगी। अगर सब कुछ ठीक रहा तो रिजोल्यूशन प्लान को मंजूरी मिलने के बाद जेट के दोबारा उड़ान भरने की उम्मीद है। जेट एयरवेज के लिए कैलरॉक और जालान के कंसोर्शियम ने बोली दी थी। झारखंड के मुरारी जालान जेट एयरवेज को नई उड़ान देंगे।
22 जून को सुनाया गया आदेश
जेट एयरवेज पर सुनवाई पूरी होने के बाद बेंच ने फैसला रिजर्व रखा था। मंगलवार 22 जून को मौखिक आदेश सुनाया गया और एक दिन में लिखित ऑर्डर जारी होगा। जिसमें और ज्यादा बारीकियां होंगी। हालांकि, मंगलवार की सुनवाई के दौरान ही डीजीसीए (DGCA) ने साफ कर दिया कि अगर पुराने स्लॉट वापस लौटाने को लेकर कोई बंधनकारी आदेश दिया गया तो उसे एसीएलएटी (NCLAT) में चुनौती दी जाएगी। ट्रिब्यूनल मेंबर जनाब मोहम्मद अजमल और वी नल्लासेनापति की बेंच ने तुरंत ही यह साफ कर दिया कि ऐसा कोई आदेश नहीं है.
2019 में हुआ था बंद
नए प्रमोटरों को एनसीएलटी द्वारा योजना की मंजूरी के छह महीने के भीतर 30 विमानों के साथ परिचालन शुरू करना होगा। नरेश गोयल द्वारा स्थापित भारत की सबसे पुरानी निजी एयरलाइन जेट एयरवेज ने अप्रैल 2019 में धन की भारी कमी के कारण परिचालन बंद कर दिया था। समाधान योजना की मंजूरी के साथ, नए प्रवर्तकों को एक पूर्ण-सेवा वाहक के रूप में एयरलाइन की स्थिति को बहाल करने के लिए एक फ्लीट प्लान मिल रहा है। जेट एयरवेज के 11 विमानों का मौजूदा बेड़ा, जो अब दो साल से अधिक समय से बंद है, सेवानिवृत्त हो सकता है, और कंपनी परिचालन शुरू करने के लिए नए विमानों को पट्टे पर ले सकती है।