logo

जाप नेता पप्पू यादव गिरफ्तार, लॉकडाउन नियमों के उल्लंघन का लगा आरोप

8336news.jpg
द फॉलोअप टीम, पटना: 

जन अधिकार पार्टी के नेता पप्पू यादव को पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पप्पू यादव को मंगलवार सुबह पटना स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया। उन पर सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने का आरोप है। मंगलवार सुबह टाउन डीएसी के नेतृत्व में पुलिस टीम उनके आवास पर पहुंची और पप्पू यादव को हिरासत में लिया गया। 

पप्पू यादव को लाया गया बुद्धा कॉलोनी थाना
जानकारी के मुताबिक हिरासत में लेने के बाद पप्पू यादव को पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना ले जाया गया। बाद में बुद्धा कॉलोनी पुलिस ने पप्पू यादव को पीरबहोर पुलिस को सौंप दिया। पप्पू यादव पर मधेपुरा से संबंधित किसी मामले में भी मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के मुताबिक पप्पू यादव मधेपुरा का दौरा करना चाहते थे। मधेपुरा पुलिस प्रशासन ने ने शायद इसकी इजाजत नहीं दी। 

बिना पास पीएमसीएच कोविड वार्ड में घुसे थे!
मिल रही जानकारी के मुताबिक पप्पू यादव मंगलवार यानी आज सुबह बिना पास के पीएमसीएच के कोविड वार्ड में घुस गये थे। पुलिस का कहना है कि पप्पू यादव को कई बार कहा गया कि वे सामाजिक कार्य के लिए दिया जाने वाला पास लेकर ही क्षेत्र का भ्रमण करें लेकिन वे लगातार नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। यही वजह है कि उनको हिरासत में लिया गया। 

गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव ने किया कई ट्वीट
हिरासत में लिए जाने के बाद पप्पू यादव ने सिलसिलेवार ट्वीट कर पटना प्रशासन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। पप्पू यादव ने एक ट्वीट में लिखा कि कोरोना काल में जिंदगियां बचाने के लिए अपनी जान हथेली में रख जूझना अपराध है तो हां मैं अपराधी हूं। एक अन्य ट्वीट में पप्पू यादव ने लिका कि दे दो फांसी या भेज दो जेल, झुकूंगा नहीं रूकूंगा नहीं। लोगों को बचाऊंगा। बेईमानों को बेनकाब करता रहूंगा। एक अन्य ट्वीट में पप्पू यादव ने कहा कि मुझे गिरफ्तार कर पटना के गांधी मैदान थाना ले जाया जा रहा है। 

राजीव प्रताप रूड़ी के साथ विवाद से मिली सुर्खियां
कोविड महामारी काल में जन अधिकार पार्टी के मुखिया पप्पू यादव लगातार लोगों के बीच जाते दिख रहे हैं। ऑक्सीजन सिलेंडर, रेमडेसिवीर इंजेक्शन, जीवन रक्षक दवाइयां हो या गरीबों को भोजन कराना हो। पप्पू यादव लगातार लोगों की सहायता कर रहे हैं। बिहार में आई बाढ़ के वक्त भी पप्पू यादव ने लोगों की काफी मदद की थी। हाल ही में बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रूढ़ी के साथ एंबुलेंस विवाद को लेकर पप्पू यादव काफी चर्चा में रहे थे। काफी विवाद हुआ था।