द फॉलोअप टीम, डेस्क:
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दिल्ली में आयोजित एक समारोह में भारतीय वायु सेना में ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्थमान को वीर चक्र से सम्मानित किया। दिल्ली में आयोजित एक सम्मान समारोह में राष्ट्रपति ने अभिनंदन वर्थमान को सम्मानित किया था। गौरतलब है कि अभिनंदन वर्थमान 2019 में पुलवामा अटैक के बाद भारतीय वायु सेना द्वारा पाक अधिकृत कश्मीर के आतंकी ठिकानों पर की गई बमबारी के दौरान चर्चा में आये थे। वे नेशनल हीरो बने थे।
मिग-21 से गिराया था पाकिस्तानी फाइटर प्लेन
गौरतलब है कि 27 फरवरी साल 2019 को तब भारतीय वायु सेना में विंग कमांडर रहे अभिनंदन वर्थमान ने अपने मिग-21 विमान से पाकिस्तानी एफ-16 युद्धक विमान को मार गिराया था। इस दरम्यान अभिनंदन का विमान भी दुर्घटना का शिकार हो गया और अभिनंदन प्लेन से इजेक्ट होकर पाक अधिकृत कश्मीर में जा गिरे थे। वहां पाकिस्तानी सैनिकों ने उनको अपनी हिरासत में लिया और एक वीडियो संदेश जारी किया। पाकिस्तानी सेना द्वारा जारी वीडियो में अभिनंदन पूरी निडरता से अपना पक्ष रखते दिख रहे थे। उनको चोटें भी लगी थीं।

पाकिस्तान के सीमाक्षेत्र में जा गिरे थे अभिनंदन
हालांकि, अंतरर्राष्ट्रीय दवाब के बीच पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान ने विंग कमांडर अभिनंदन वर्थमान को रिहा करने का फैसला किया। उनको वाघा-अटारी बॉर्डर के पास पाकिस्तानी अधिकारियों ने भारतीय अधिकारियों सौंपा।
14 फरवरी को 2019 को हुआ था आतंकी हमला
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 14 फरवरी 2019 को जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों ने सीआरपीएफ के काफिले पर हमला किया था। हमले में 40 जवान शहीद हो गये थे। इसके बाद 26 फरवरी को भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों पर हवाई हमला किया था। दावा किया गया था कि तकरीबन 300 की संख्या में पाकिस्तानी आतंकी मारे गये। ये भारत में लोकसभा चुनाव के समय का मामला है।