द फॉलोअप टीम, रांचीः
जिला एवं सत्र न्यायाधीश उत्तम आनंद मामले में झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई में कोर्ट ने सीबीआई से पूछा कि आखिर जांच में इतना समय क्यों लग रहा है। इसमें सीबीआई ने अदालत को बताया कि मामले में अब तक 200 से ज्यादा लोगों से पूछताछ हुई है। उन पूछताछ के आधार पर उम्मीद है कि काफी सारे नए तथ्य सामने आएंगे।

14 जनवरी को अगली सुनवाई
सीबीआई के जवाब पर झारखंड हाईकोर्ट ने मौखिक टिप्पणी करते हुए कहा कि अदालत को सीबीआई पर संदेह नहीं है, लेकिन जांच में हो रही देरी की वजह से अपराधियों को अपना बचाव करने का मौका मिल रहा है। अदालत ने सीबीआई को जल्द जांच पूरी करने का निर्देश दिया है। मामले में अगली सुनवाई 14 जनवरी को होनी है।

28 जुलाई को हुई थी जज उत्तम आनंद की हत्या
बता दें कि जज उत्तम आनंद को इसी साल 28 जुलाई को मॉर्निंग के दौरान ऑटो से टक्कर मार दी गई थी जिसमें उनकी मौत हो गई थी। इस मामले में दो आरोपी जेल में है। सीबीआइ ने दावा किया है कि ऑटो चालक लखन वर्मा और राहुल वर्मा ने हत्या की मंशा से जज उत्तम आनंद को टक्कर मारा था। दोनों ने जानबूझकर जज को आटो से धक्का मारा। ऑटो पर ड्राइवर लखन का पूरा कंट्रोल था। उस वक्त कोई ट्रैफिक नहीं था, इसलिए आटो को अचानक बाईं ओर मोड़ने का कोई मतलब ही नहीं बनता था।