द फॉलोअप टीम, मुंगेरः
मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बहादुर नगर कुतलूपुर में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर जान ले ली गई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय मोहन कुमार के रूप में हुई। आरोपी महिला सीमा कुमारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दरअसल सीमा पर आरोप है कि उसके 4 माह से मोहन के साथ अवैध संबंध थे। उसने शुक्रवार की रात मोहन को मिलने यह कहकर बुलाया था कि उसके घर में कोई नहीं है इसलिए वह उससे मिलने आ जाए। लेकिन थोड़ी देर में सीमा का पति वहां आ गया उसने दोनों को एक साथ देख लिया और उसकी बांधकर पिटाई की। महिला का पति फिलहाल फरार है।
महिला के घर से बरामद शव
लोगों ने बताया, 'मोहन का 4 बच्चों की मां सीमा के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। शुक्रवार रात गांव में राम धुन चल रहा था। उस समय सीमा के घर में कोई नहीं था। तभी मोहन उसके घर गया था। तभी उसका पति घर पहुंच गया। गुस्साए पति और उसके परिजनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। मृतक का शव भी महिला के घर से ही बरामद हुआ है। मृतक के भतीजे इंद्रदेव यादव ने बताया, 'विपिन की पत्नी सीमा ने फोन पर मोहन को अपने घर बुलाया था। कहा था कि कोई नहीं है तुम चले आओ। दोनों को साथ देखकर आरोपियों ने मोहन को तब तक पीटा जब तक कि उसकी मौत नहीं हो गई।
पुलिस घटना की जांच में जुटी
मृतक के भाई सुधीर यादव ने कहा, 'घटना की जानकारी शनिवार सुबह हुई। जब उन लोगों ने बताया कि मोहन हमारे घर रात में घुस गया था। इसलिए हम उसको बांध कर रखे हैं। जब हम लोग परिवार के सदस्यों के साथ वहां पहुंचे तो मोहन का शव जमीन पर पड़ा था। उसके हाथ-पांव बंधे हुए थे।'