logo

इमरान प्रतापगढ़ी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ को मिलेगी मज़बूती : ताबिश पटेल

इमरान प्रतापगढ़ी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ को मिलेगी मज़बूती : ताबिश पटेल
द फॉलोअप टीम, दिल्‍ली : 
कांग्रेस नेता और उर्दू के प्रसिद्ध शायर इमरान प्रतापगढ़ी को ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष ताबिश पटेल ने नई दिल्ली में उनसे मुलाक़ात कर उन्हें मुबारकबाद दी है। ताबिश पटेल ने कहा कि इमरान प्रतापगढ़ी एक नौजवान, शिक्षित, युवा, जांबाज़ और जुझारू नेता हैं। वह हर परिस्थिति में देशवासियों के साथ खड़े होते हैं। किसान आंदोलन हो या सीएए, एनपीआर व एनआरसी जैसे बिल हो या केंद्र सरकार का कोई भी जन विरोधी क़ानून, इमरान प्रतापगढ़ी हमेशा इसके विरोध में आवाज़ बुलंद करते रहे हैं। अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से पार्टी और विशेषकर अल्पसंख्यक विभाग को और मजबूती मिलेगी। उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से देश के युवाओं में काफ़ी जोश और उमंग है।

गया बिहार के रहने वाले हैं ताबिश
प्रदेश उपाध्यक्ष ताबिश पटेल ने कहा कि हर कार्यकर्ता को उनसे और उनके कार्य शैली से प्रेरणा मिलती है। पार्टी का हर कार्यकर्ता इमरान प्रतापगढ़ी के साथ खड़ा है। प्रकोष्ठ के बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष व पार्टी का कार्यकर्ता होने के नाते वह हमेशा उनके साथ कंधे से कंधा मिला कर उनके साथ चलेंगे। ग़ौरतलब है कि बिहार के गया शहर के शिबली कॉलोनी निवासी ताबिश पटेल भी लगातार विभिन्न समस्याओं व विकट परिस्थितियों और केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के ख़िलाफ़ हमेशा उठ खड़े होते हैं। पिछले वर्ष लॉकडाउन के दौरान ताबिश पटेल प्रवासी मज़दूरों की सेवा में तन-मन-धन से जुटे रहे थे। इसी तरह के न जाने कितने समाज सेवा वाले कार्यों में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही है।