द फॉलोअप टीम
साहेबगंज के तालझारी प्रखंड के तीनपहाड़ गांव के धमधमिया में पकड़े गए सैकड़ों ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान शिरिल मरांडी को बंधक बना लिया। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान से बांड भरवा कर तथा तीस हजार जुर्माना लेने के बाद उसे मुक्त किया। इस घटना की गांव में खूब चर्चा हो रही है।
प्रेमी युगल को ग्राम प्रधान के हवाले किया
मिली जानकारी के मुताबिक धमधमियां संथाली टोला गांव में शुक्रवार की रात दो विवाहित प्रेमी युगल को महिला के पति ने आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा था। इसके बाद हो हल्ला सुन कर आसपास के सैकड़ों लोग जमा हो गए। इसके बाद घटना की जानकारी गांव के प्रधान शिरिल मरांडी को दी गई। पकड़े गए दोनों विवाहित प्रेमी युगल को ग्राम प्रधान के हवाले किया गया। किसी कारणवश अगले दिन शनिवार को इस घटना को लेकर पंचायती नहीं हो पाई। रविवार को गांव में पंचायती बुलाई गई थी लेकिन देर होने की वजह से ग्राम प्रधान ने तीनपहाड़ थाने की पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए पकड़े गए प्रेमी युगल को पुलिस के हवाले कर दिया।
ग्राम प्रधान को बंधक बनाया
गांव में इसकी सूचना मिलने के बाद आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान शिरिल मरांडी को बंधक बना लिया। इसकी सूचना पुलिस को मिलते ही पुलिस आला अधिकारी सहित कई पुलिसकर्मी धमधमियां संथाली टोला पहुंचे। गुस्साए लोगों को मनाने के लिए साढ़े चार घंटे तक वार्ता चली। पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने प्रधान से बांड भरवाया। ग्रामीणों को बिना विश्वास में लिए प्रेमी युगल को पुलिस को सौंपने के लिए दंड स्वरूप 30 हजार का जुर्माना भी लगाया।
पुलिस की पहल पर ग्राम प्रधान मुक्त हुए
राजमहल के डीएसपी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि इसके बाद ग्रामीणों ने प्रधान को बंधन को मुक्त किया। प्रधान ने कानून के दायरे में रहकर घटना की सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस की पहल कर ही ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान को मुक्त किया है।