द फॉलोअप टीम, भोपाल:
निर्देशक प्रकाश झा की वेबसीरीज आश्रम को लेकर छिड़ा विवाद थमता नहीं दिख रहा है। रविवार की देर रात भोपाल में आश्रम की शूटिंग स्थल पर तोड़फोड़ की घटना हुई है। तोड़फोड़ का आरोप बजरंग दल के नेता और कार्यकर्ताओं पर लगा है। बजरंग दल ने मांग की है कि शो का टाइटल बदला जाये। गौरतलब है कि वेबसीरीज के सेट पर प्रकाश झा पर स्याही भी फेंकी गई थी। सेट पर कई वाहनों को क्षति पहुंची है। शूटिंग में इस्तेमाल होने वाला सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना की जांच जारी है।
बजरंग दल ने चेतावनी देने की बात की
इस बीच बजरंग दल के नेता सुशील सुदेले ने कहा कि हमने विरोध प्रदर्शन कर चेतावनी दी है। निर्देशक प्रकाश राज ने कहा है कि वो शो का टाइटल बदलने को लेकर बातचीत कर रहे हैं। सुशील सुदेले ने कहा कि शो का नाम आश्रम से बदलकर कुछ औऱ करना होगा, या फिर इसकी शूटिंग भोपाल में नहीं होगी। सुशील सुदेले ने कहा कि हम चाहते हैं कि यहां फिल्म उद्योग को बढ़ावा मिले, लेकिन इस जमीन का इस्तेमाल हिंदू समाज को अपमानित करने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले की सीरीज में दिखाया गया कि आश्रम के अंदर महिलाओं का शोषण किया जाता है। क्या वाकई ऐसा है।

गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने किया समर्थन
मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि मैं शो का नाम बदलने की मांग का समर्थन करता हूं। मैं पूछना चाहता हूं कि क्या कोई औऱ नाम रखा जा सकता है। नरोत्तम मिश्रा ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि कोई भी ऐसा काम ना करें जिससे किसी को परेशानी हो या धार्मिक भावनाएं आहत हों। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि हालांकि आश्रम के सेट पर जो हुआ गलत था। 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। झा साहब को समझना चाहिए कि आप क्या गलत कर रहे हैं। इसे बंद करना होगा।
सभी उपद्रवियों के खिलाफ की जायेगी कार्रवाई
मामले में भोपाल के डीआईजी इरशाद वलीने कहा कि सभी उपद्रवियों को खदेड़ दिया गया है। घटना में कोई भी गंभीर रूप से जख्मी नहीं हुआ है। कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हो गये हैं। डीआईजी ने आश्वासन दिया है कि घटना के पीछे जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि आश्रम नाम की वेबसीरीज में धार्मिक गुरुओं और ऐसे आश्रमों के पीछे छिपी स्याह सच्चाई को दिखाया गया है। सीरीज में अभिनेता बॉबी देओल ने मुख्य भूमिका निभाई है। दर्शन कुमार इसमें पुलिस इंस्पेक्टर के रोल में हैं। बेवसीरीज का 2 सीजन रिलीज हो चुका है। तीसरा सीजन शूट किया जा रहा है, जहां तोड़फोड़ की गयी है।