logo

गीत के संग दोपहर चमकीली, प्रेम इस तरह किया जाए कि प्रेम शब्द का कभी जिक्र तक न हो….

6100news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची:

-तुम्हें जाना हो तो उस तरह जाना
जैसे गहरी नींद में देह से प्राण जाता है।
-माथा चूमना किसी की आत्मा चूमने जैसा है।
-दुनिया बेसुरे संगीत से सम्मोहित है
और तुम मेरी छुअन से बुना गया मौन।
-तुमने कहा प्रेम करना अभ्यास है
मैंने सारी शिकायतें अरब सागर में बहा दीं।

ऐसी मन और अंतर को हौले से छू लेने वाली हजारों काव्‍य पंक्‍तियों के रचयिता हिंदी के बहुत ही चर्चित कवि-लेखक गीत चतुर्वेदी रांची में थे। उनके संग रांची प्रेस क्लब की दोपहर रविवार को प्रेम, पारदर्शी संवेदना और स्नेह से झिलमिल रही। भोपाल से रांची प्रभा खेतान के एक सम्वाद में पहुंचे गीत की ख्‍याति कविता-कहानी, डायरी के अलावा श्रेष्ठ अनुवाद के नाते भी है। क्लब की ओर से उनका परिचय कार्यकारिणी सदस्य  शहरोज कमर ने कराया। स्वागत क्लब के उपाध्यक्ष पिंटु दुबे, महासचिव अखिलेश सिंह और कार्यकारिणी सदस्य अमित दास ने बुके देकर किया। गीत ने डायरी के अंश सुनाते हुए कहा कि ज्ञान का अर्थ पर्वत का शिखर नहीं है, समुद्र की तलहटी है। यदि ज्ञान का घमंड घातक है, तो अज्ञान का घमंड महाघातक है। ज्ञान जो सबसे अच्छी  चीज़ सिखाता है, वह है घमंड से दूर रहना। अज्ञान जो चीज़ सबसे ज़्यादा सिखाता है, वह है ज्ञान का उपहास करना। 



रांची प्रेस क्‍लब में कविता-दोपहर
गीत ने बेहद प्रभावी छोटी-छोटी प्रेम कविताएं भी सुनाईं। जैसे: प्रेम इस तरह किया जाये कि प्रेम शब्द का कभी जिक्र तक न हो…., प्रेम इस तरह किया जाये कि दुनिया का कारोबार चलता रहे…, किसी को खबर तक न हो कि प्रेम हो गया खुद तुम्हें भी पता न चले…, बचना प्रेम कथाओं का किरदार बनने से वरना सब तुम्हारे प्रेम पर तरस खाएंगे…।



सवालों से भी रुबरू हुए गीत
गीत चतुर्वेदी से क्लब में जुटे प्रबुद्ध लोगों ने सवाल भी किए। जिसके माकूल जवाब भी उन्होंने दिए। मौके पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेश सिंह, कार्यकारिणी सदस्यों में प्रियंका मिश्रा, सुनील गुप्ता, प्रभात खबर के संपादक संजय मिश्रा, वरिष्ठ  पत्रकार श्रीनिवास, विनय भूषण, सत्यप्रकाश पाठक, ग़ज़ल सिंगर मृणालिनी अखौरी, सुनील बादल, आलम पारसा, शिल्पी कुमारी, सोनल थेपड़ा, मुक्ति शाहदेव, रजनीश आनंद, सदानंद सिंह,  सुशील सिंह मंटू, नवीन शर्मा, आनंद मोहन, प्रभात रंजन, असित कुमार, नवीन मिश्रा समेत कई पत्रकार-लेखक मौजूद रहे।