द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
कांग्रेस के पूर्व वरिष्ठ नेता अशोक तंवर ने तृणमूल कांग्रेस ज्वॉइन कर लिया। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी की मुखिया ममता बनर्जी ने दिल्ली में पार्टी का पटका पहनाकर अशोक तंवर का टीएमसी में स्वागत किया।
बंगाल में बीजेपी को हरा चुकी हैं ममता
टीएमसी ज्वॉइन करने के बाद अशोक तंवर ने ममता बनर्जी की ओर इशारा करते हुए कहा कि मौजूदा समय में एक ही नेता है जो भारतीय जनता पार्टी को हरा सकता है। बंगाल में ममता बनर्जी बीजेपी को हरा चुकी हैं। अशोक तंवर ने कहा कि जैसे किसानों ने सरकार को अपनी मांगों के आगे झुकाया है, मुझे लगता है कि विपक्ष को भी एक साथ आने और 2024 में भारतीय जनता पार्टी को हराने की जरूरत है। अशोक तंवर ने कहा कि ममता, मोदी का विकल्प हैं।
हरियाणा जाना चाहती हैं ममता बनर्जी
दिल्ली में पूर्व कांग्रेस नेता अशोक तंवर को टीएमसी ज्वॉइन कराने के बाद पत्रकारों से वार्ता में पश्चिम बंगाल की मुख्मयंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि मैं हरियाणा जाना चाहती हूं। अशोक तंवर टीएमसी में शामिल हो चुके हैं। जैसे ही वे मुझे आमंत्रित करेंगे मैं हरियाणा जाऊंगी। ममता बनर्जी ने कहा कि बीजेपी को हराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कीर्ति आजाद भी तृणमूल कांग्रेस में शामिल
गौरतलब है कि मंगलवार को कांग्रेस पार्टी को 2 बड़े झटके लगे हैं। पहले तो कांग्रेस नेता कीर्ति आजाद ने टीएमसी का दामन थाम लिया और अब अशोक तंवर भी टीएमसी में शामिल हो गये। अशोक तंवर हरियाणा से आते हैं और वहां बड़ा जनाधार रखते हैं। कीर्ति आजाद बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में आये थे लेकिन उम्मीद मुताबिक कद ना मिलता देख उनका मोहभंग हो गया। कीर्ति आजाद ने भी कहा कि ममता बनर्जी ही देश को सही दिशा दिखा सकती हैं।