logo

बच्चों की रंग लड़ाई पहुंची थाना, हिरासत में सरकारी कर्मचारी की मौत, थानेदार सस्पेंड

7002news.jpg
द फॉलोअप टीम, भागलपुर:
होली में एक-दूसरे को रंग देने में बच्चे परस्‍पर भिड़ गए। बात उनके घर तक पहुंची। अपने-अपने लाडले के पक्ष में दो परिवार खड़ा हो गया। पुलिस ने हालांकि पहुंचकर मामला शांत करा दिया। बात सोमवार को शहर के मायागंज मोहल्ला की है। अचानक रात पुलिस पहुंची और एक-एक व्यक्ति को धर-पकड़ कर पीटने लगी। वहीं लघु सिंचाई विभाग बांका में लिपिक संजय कुमार(45) को हिरासत में लेकर चली गई। उनकी संदिग्ध हालत में मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने पीट-पीट कर मार डाला है। रात ही मोहल्ले वाले बरारी थाना पहुंच गए और मंगलवार दोपहर तक हंगामा हुआ। बात जब राजधानी पटना पहुंची तो सियासी बयान भी आने शुरू हो गए। आनन-फानन में थानेदार प्रमोद कुमार को सस्पेंड कर दिया गया।

एसएसपी ने दिया न्यायिक जांच का भरोसा
एसएसपी निताशा गुरिया मौके पर पहुंचीं। परिजनों से पूछताछ और शुरुआती जांच के बाद बरारी थानेदार प्रमोद कुमार को सस्पेंड कर दिया। वहीं पूरे मामले की न्यायिक जांच का भरोसा दिया। शव का पोस्टमार्टम मजिस्टेट की देखरेख में किया गया। वीडियोग्राफी भी करायी गई। मौके पर एसडीओ, एडीएम, डीएसपी समेत कई थानेदार मौजूद थे।