द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व सांसद और बिहार के बाहुबली नेता मोहम्मद शहाबुद्दीन का निधन हो गया। शहाबुद्दीन कुछ दिनों पहले कोरोना संक्रमित पाये गये थे। उनका दिल्ली के दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनकी हालत काफी गंभीर थी। शनिवार को अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। शहाबुद्दीन हत्या के मामले में तिहाड़ जेल में आजावीन कारासाव की सजा काट रहे थे।
तेजस्वी यादव ने व्यक्त किया दुख
शहाबुद्दीन के निधन पर राष्ट्रीय जनता दल के युवा नेता तेजस्वी यादव ने दुख व्यक्त किया। तेजस्वी यादव ने कहा कि "पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन का कोरोना संक्रमण के कारण असमय निधन की दुःखद ख़बर पीड़ादायक है। ईश्वर उनको जन्नत में जगह दें, परिवार और शुभचिंतकों को संबल प्रदान करें। उनका निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। दुख की इस घड़ी में राजद परिवार शोक संतप्त परिजनों के साथ है"।
तिहाड़ जेल में सजा काट रहे थे शहाबुद्दीन
मोहम्मद शहाबुद्दीन हत्या के एक मामले में दिल्ली स्थित तिहाड़ जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे। इससे पहले वो भागलपुर और सीवान जेल में भी रह चुके थे। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर उन्हें सीवान से तिहाड़ जेल स्थानांतरित किया गया था। मोहम्मद शहाबुद्दीन सीवान से राष्ट्रीय जनता दल के सांसद चुने गये थे। वे एक पत्रकार की हत्या के मामले में दोषी थे।