logo

Bihar Flood: बूढ़ी गंडक ने मचाई तबाही! पानी की तेज धार के बीच 2 बच्चों को कंधे पर लादकर कई किमी चला पिता

10512news.jpg
द फॉलोअप टीम, पटना: 
बिहार में हर साल बाढ़ का आना तय है। फिर बारिश से नदियां उफान पर हैं। नेपाल से लगे बिहार के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। कहीं लोग सड़कों पर आशियाना बना कर रहने को मजबूर हैं तो कहीं गांव को छोड़ सुरक्षित ठिकाने की तलाश कर रहे हैं। मोहल्‍ले की गलियों तक में पानी घुस गया है। पूर्वी चंपारण, पश्‍चिम चंपारण के बाद बाढ़ और गोपालगंज सहित उत्तर बिहार के कई जिलों में लोगों को परेशानी  हो रही है। गोपालगंज में वाल्मीकि नगर बराज से दो दिन पहले 2 लाख 93 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। यहां गंडक तबाही मचा रही है। मांझागढ़ प्रखंड में है बाढ़ से लोगों का हाल बेहाल है। यहां के मंगुरहा गांव का जिला मुख्यालय से करीब दो सप्ताह से संपर्क खत्म हो गया है। कई फीट ऊपर से सड़कों पर पानी बह रहा है।  लोगों का घर से निकलना भी जानलेवा साबित हो रहा है। 

ग्रामीणों की बेबसी 
मांझागढ़ के मंगुरहा के 45 वर्षीय भगत मांझी को अपने दो बीमार बच्चों को कंधे पर लादकर पानी की धार में पैदल कई किलोमीटर चलना पड़ा।  उन्हें बहते पानी के बीच से ही 8 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ा। भगत की पत्नी भी अपने नवजात बच्चे को लेकर पीछे-पीछे चलती रही। अगर ज़रा भी किसी का पैर फिसलता तो उनकी जान जा सकती थी। दोनों जान जोखिम में डाल कर बच्चों का इलाज करवाने पहुंचे थे। भगत ने बताया कि बच्चे बीमार हैं।  गांव बाढ़ में डूबा है। आने-जाने का कोई साधन नहीं है। भगत  के मुताबिक कोई सरकारी सहायता नहीं मिली है। 

मुजफ्फरपुर भी त्रस्त 
इधर मुजफ्फरपुर में बूढ़ी गंडक का पानी तेज रफ्तार से फ़ैल रहा है। शहर के उत्तरी सीमा पर बसे शेखपुर पंचायत के कई गांवों में बूढ़ी गंगा तबाही मचा रही है।  सोमवार दोपहर के बाद पानी के आने की रफ्तार तेज हो गई। यहां करीब 1000 लोगों का घर बाढ़ से घिर गया है।



शिवहर में 4 फीट डूबकर कार्यालय पहुंच रहे लोग 
शिवहर में बागमती नदी उफान पर है। जिससे पानी शहर की ओर तेजी से बढ़ रहा है। मंडल कारा शिवहर के जेल गेट के बाहर 5 से 6 फीट पानी का तेज बहाव है। हालात इस तरह रहे तो पानी जेल के भीतरी कक्ष में भी पानी का प्रवेश कर जाएगा। जेल अधीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि जेल के बाहरी हिस्से और गेट पर लबालब पानी भरा हुआ है।  गेट के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मियों को काफी परेशानी हो रही है। बाढ़ से अधिकारियों  को काफी परेशानी हो रही है। लोग 3 से 4 फीट पानी में घुसकर अपने ऑफिस जाने को मजबूर है। 

स्टेट हाइवे में पानी 
शिवहर को जोड़ने वाले स्टेट हाईवे पर शिवहर शहर के पास पेट्रोल पंप के पास करीब 4 फीट पानी की धार बह रही है। शहर के निचले इलाके में पानी तेजी से प्रवेश कर रहा है। बेलवा में तीन दिन पहले सुरक्षात्मक तटबंध के टूट जाने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। शिवहर के जिला मुख्यालय स्थित शिक्षा विभाग कार्यालय, सहकारिता विभाग , लोक शिकायत निवारण कार्यालय सहित जिला किसान मैदान में 3 से 4 फीट पानी  भरा हुआ है।  शिक्षा विभाग का कार्यालय तो पूरी तरह बाढ़ के पानी में तैर रहा है।