logo

पटना: RJD के राज्यसभा सांसद एडी सिंह को ED ने किया गिरफ्तार, फर्टिलाइजर घोटाला में आया था नाम

9330news.jpg
द फॉलोअप टीम, पटना: 

राष्ट्रीय जनता दल के राज्यसभा सांसद एडी सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। ईडी ने एडी सिंह को गिरफ्तार किया है। उन्हें दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। मिली जानकारी के मुताबिक ईडी ने फर्टिलाइजर घोटाला कांड मामले में अमरेंद्र धारी सिंह उर्फ एडी सिंह को गिरफ्तार किया है। 

फर्टिलाइजर घोटाला कांड में आया था नाम
प्रवर्तन निदेशालय (ED) से जुड़े आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक बीते काफी समय से राज्यसभा सांसद एडी सिंह का नाम फर्टिलाइजर घोटाला कांड में सामने आ रहा था। दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी इलाके से एडी सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि ईडी ने अभी तक इस मामले में आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। एडी सिंह को पूछताछ के लिए ले जाया गया है। 

फर्टिलाइजर और रियल स्टेट का बड़ा कारोबार
गौरतलब है कि राष्ट्रीय जनता दल के राज्यसभा सांसद अमरेंद्र धारी सिंह बड़े व्यवसायी भी हैं। वे पटना के दुल्हन बाजार इलाका स्थित एनखां गांव के रहने वाले हैं। इन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सेंट माइकल स्कूल से हासिल की थी। दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया। अमरेंद्र धारी सिंह का फर्टिलाइजर, केमिकल फैक्ट्री औऱ रियल स्टेट से जुड़ा काफी बड़ा कारोबार है जो दिल्ली से संचालित होता है।