द फॉलोअप टीम, रांची:
झारखण्ड में कोरोना संक्रमण की रफ़्तार तेजी से बढ़ रही है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार 14 जनवरी तक 33189 मामले सामने आ चुके हैं। कोरोना संक्रमण की तीनों लहर मिलाकर अब तक 5192 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमण की बढ़ती रफ़्तार को देखते हुए ही राज्य सरकार ने पहले से लगाये गए मिनी लॉक डाउन को 31 जनवरी तक एक्सटेंड कर दिया है। पहले से जो बंदिशें लागू थीं वह 31 जनवरी तक लागू रहेंगी। अब सवाल यह उठने लगा है कि क्या 28 जनवरी को होने वाली JPSC की मुख्य परीक्षाओं का आयोजन होगा या नहीं ?
क्या था पिछली गाइड लाइन में
1. सभी पार्क, स्विमिंग पूल, जिम, चिड़ियाघर, पर्यटन स्थल, खेल स्टेडियम 15 जनवरी 2022 तक पूर्णत: बंद रहेंगे।
2. स्कूल, कॉलेज, कोचिंग इंस्टीट्यूट 15 जनवरी 2022 तक बंद रहेंगे परंतु इन संस्थानों में 50% क्षमता के साथ प्रशासनिक कार्य होंगे।
3. आगामी 15 जनवरी 2022 तक सिनेमाहॉल, रेस्टोरेंट, बार एवं शॉपिंग मॉल 50% क्षमता के साथ खुलेंगे।
4. रेस्टोरेंट, बार एवं दवा दुकानें अपने नॉर्मल समय पर बंद होंगे बाकी सभी दुकाने रात्रि 8 बजे तक ही खुली रहेंगी।
5. आउटडोर आयोजन में अधिकतम एक सौ लोग शामिल हो सकेंगे।
6. इनडोर आयोजनों में कुल क्षमता का 50% या 100 दोनों में से जो कम हो, क्षमता के साथ आयोजन हो सकेंगे।
7. सरकारी एवं निजी संस्थानों के कार्यालय 50% क्षमता के साथ खुले रहेंगे। बायोमेट्रिक अटेंडेंस पर प्रतिबंध रहेगा।
परीक्षा को लेकर क्या था आदेश
बता दें कि 3 जनवरी को मुख्यमंत्री आवास में आपदा प्रबंधन की बैठक हुई थी। इस बैठक के बाद ही राज्य में कोरोना की यह गाइड लाइन जारी की गई थी। इस गाइड लाइन में परीक्षाओं को लेकर स्पष्ट रूप से कहा गया था कि सभी ऑफलाइन परीक्षाओं को रद्द किया जाता है।

क्या 28 को होगी JPSC की परीक्षा
अब सवाल उठने लगा है कि क्या 28 जनवरी को होने वाले सातवीं JPSC मुख्य परीक्षा का आयोजन 28 जनवरी को होगा? अगर गाइड लाइन को देखें तो उसके अनुसार परीक्षा आयोजित नहीं हो सकती है। लेकिन JPSC के तरफ से इस संबंध में अबतक कोई नोटिस नहीं आया है। लेकिन माना यही जा रहा है कि जब सरकार सभी परीक्षाओं के आयोजन पर रोक लगाई है तो आखिर कैसे JPSC परीक्षा का आयोजन हो सकता है।