द फॉलोअप टीम, पटना:
बिहार में कोरोना संक्रमण के नये मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। राज्य में हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। राज्य में कोरोना संक्रमण की स्थिति के मद्देनजर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाईलेवल मीटिंग बुलाई है। नीतीश कुमार ने मीटिंग में तमाम उच्चाधिकारियों, संबंधित विभाग के मंत्रियों औऱ जिलाधिकारियों को तलब किया है। मीटिंग में कोरोना संक्रमण के वर्तमान हालात की समीक्षा की जायेगी।
बिहार में मिले 6,133 नये कोरोना मरीज
बिहार में बीते 24 घंटे में कोरोना के 6 हजार 133 नये मरीज मिले। इस बीच राज्य में 24 मरीजों की जान चली गयी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़े के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दरम्यान राज्य में 1 लाख 1 हजार 236 लोगों का सैंपल टेस्ट किया गया जिसमें 6 हजार 133 मरीजों की पहचान की गयी। बिहार में कोरोना के 29 हजार 78 एक्टिव मरीज हैं। अब तक राज्य में 1 हजार 675 लोगों की जान जा चुकी है।
तकरीबन सभी जिलों में 100 से ज्यादा मरीज
कोरोना संक्रमण का जिलेवार आंकड़ा भी स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया है। पिछले 24 घंटे में मिले नये कोरोना मरीजों की बात की जाये तो पटना में सर्वाधिक 2 हजार 105 मरीज मिले। भागलपुर में 601 मरीज, गया में 431, बेगुसराय में 174, सारण में 171, औरंगाबाद में 165 नये मरीज मिले, रोहतास में 107 नये कोरोना मरीज मिले। जहानाबाद में 131 नये मरीज मिले। इनके अलावा और भी कई जिलों में 100 से ज्यादा मरीज मिले। जिलाधिकारियों को भी जरूरी निर्देश दिया गया है।
बिहार में 17 अप्रैल को सर्वदलीय बैठक होगी
जानकारी के मुताबिक 16 अप्रैल को नीतीश कुमार ने मंत्रियों, अधिकारियों और जिलाधिकारियों की मीटिंग बुलाई है। वहीं 17 अप्रैल को बिहार में गर्वनर के नेतृत्व में सर्वदलीय बैठक बुलाई गयी है। इस मीटिंग में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके कैबिनेट के सदस्यों सहित विपक्षी दलों के वरिष्ठ नेता भी हिस्सा लेंगे। राज्य में कोरोना के रोकथाम पर चर्चा की जायेगी।