logo

पिता करता रहा बेटे का इंतजार, देर रात नदी में मिली मासूम की लाश

9240news.jpg
द फॉलोअप टीम, बरौनी:

तेघड़ा थाना क्षेत्र के मधुरापुर पुवारी टोला के एक 10 साल के मासूम की नदी में डूबने से मौत हो गयी। मृतक की पहचान शुभम कुमार के रूप में हुई है। दरअसल बच्चा अपने पिता के लिए रोज की तरह खाना लेकर दियारा क्षेत्र जा रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक शुभम शाम 6 बजे के क़रीब घर से निकला था। जब देर रात तक पिता के पास खाना लेकर नहीं पहुंचा तो पिता ने घर पर कॉल कर पता किया। 

पिता के लिए खाना पहुंचा रहा था
घरवालों ने कहा कि वह तो कब का खाना लेकर जा चुका है। इसके बाद लोग नदी किनारे पहुंचकर पता लगाने लगे कि नदी पार कर रहे किसी मासूम को किसी ने देखा है। इसके बाद मासूम की खोज शुरू हुई। देर रात मछुआरों ने बच्चे का शव नदी से निकाला। बच्चे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

गहराई में फंस गया था शुभम
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुभम की मौत से गांव में मातम का माहौल है। लोगों का कहना है कि नदी पार करते वक़्त शुभम को गहराई का अंदाजा नहीं हुआ होगा। इस वजह से वह नदी के गहरे पानी में चला गया और डूब गया। मृतक के पिता गणेश सिंह नदी के पार दियारा में खेती-गृहस्थी और पशुपालन करने के लिए रहते थे। शुभम रोज नदी पार कर पिता को खाना पहुंचाने जाया करता था।  सोमवार को वह अचानक से कैसे चूक गया।